

बीकानेर, 28 नवम्बर । राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवबाड़ी में शनिवार, 28 नवंबर को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) बीकानेर रामगोपाल शर्मा ने शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की प्रगति और विद्यालय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।


चौपाल के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, शिक्षण गुणवत्ता में सुधार, नियमित उपस्थिति, अभिभावकों की भागीदारी और विद्यालय के समग्र विकास पर विचार-विमर्श किया गया। रामगोपाल शर्मा ने अभिभावकों व विद्यार्थियों की बातें गंभीरता से सुनते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी व परिणामोन्मुखी बनाने के लिए आपसी समन्वय और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की शैक्षिक उन्नति के लिए शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी तीनों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है तथा ऐसे संवाद कार्यक्रमों से व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और विश्वास मजबूत होता है।



आयोजन में प्रधानाचार्य बबीता बिश्नोई, उपप्राचार्य अनुपमा शर्मा, रामकिशन मान, राजनीति विज्ञान के व्याख्याता अमरदीप गोदारा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को विद्यालय व समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में सार्थक पहल बताया गया।

