पुष्करणा यंगस्टर्स सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम, बॉक्स क्रिकेट चैम्पियनशिप की खिताबी जंग कल
पुष्करणा यंगस्टर्स सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम, बॉक्स क्रिकेट चैम्पियनशिप की खिताबी जंग कल



- टूर्नामेंट के तीसरे दिन कड़े मुकाबलों में नोट आउट और तहलका 8 ने दर्ज की शानदार जीत, फाइनल से पहले पत्रकारों के बीच होगा सद्भावना मैच
बीकानेर, 30 जून । स्वर्गीय घनश्याम बिस्सा चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित बॉक्स क्रिकेट चैम्पियनशिप के तीसरे दिन स्थानीय किशन गार्डन में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के तीसरे दिन कुल पांच मैच खेले गए। मुख्य आयोजक हर्षित बिस्सा ने बताया कि मैचों के दौरान बतौर अतिथि अखिल भारतीय विश्नोई महासभा के विशेष आमंत्रित सदस्य रामेश्वर विश्नोई उपस्थित रहे। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा।


पहले मैच में टीम ऑक्टेन 1 और द एलाइट 8 के बीच भिड़ंत हुई। टीम ऑक्टेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी पहली सफलता हासिल की। इस मैच में गौरी शंकर प्रजापत ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे, जबकि द एलाइट 8 के हर्षित ने 17 गेंदों में 40 रनों की धुआंधार पारी खेलकर बेस्ट बैट्समैन का खिताब जीता।



दूसरा मुकाबला तहलका 8 और जेएमडी के मध्य खेला गया। तहलका 8 ने अपनी धारदार गेंदबाजी की बदौलत जेएमडी को 32 रनों से शिकस्त दी। इस मैच में शोभित आचार्य को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ और ‘बेस्ट बैट्समैन’ दोनों पुरस्कार मिले।
तीसरे मैच में बनिया सुपर 8 ने फाइटर 11 को इकतरफा मुकाबले में सात विकेट से मात दी। बेहतरीन खेल के लिए नितिन शर्मा को ‘मैन ऑफ द मैच’ और दीपक अग्रवाल को ‘बेस्ट बैट्समैन’ चुना गया।
चौथा मुकाबला बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। इस नॉकआउट मैच में पुष्करणा यंगस्टर्स ने कड़े मुकाबले में पुष्करणा एकेडमी को 6 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाली तीसरी टीम बनने का गौरव प्राप्त किया। विजेता टीम के पवन व्यास ‘मैन ऑफ द मैच’ और हैप्पी मारू ‘बेस्ट बैट्समैन’ रहे।
पांचवां और अंतिम मैच नोट आउट और पार्टी पवेलियन के बीच खेला गया। इसमें नोट आउट की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में टूर्नामेंट का सबसे विशाल स्कोर खड़ा किया और विपक्षी टीम को 117 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पार्टी पवेलियन की टीम बिखर गई और नोट आउट ने यह मैच 73 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में मुरली पुरोहित ‘मैन ऑफ द मैच’ और केशव रंगा ‘बेस्ट बल्लेबाज’ बने।
आयोजक हर्षित बिस्सा ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले बुधवार को खेला जाएगा। खिताबी जंग और मुख्य फाइनल मुकाबले से पूर्व खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय पत्रकारों के बीच एक विशेष सद्भावना मैच का भी आयोजन किया जाएगा।

