

बीकानेर, 29 नवम्बर । वैदिक संत परंपरा के महान साधक श्री श्री 1008 निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर राजगुरु स्वामी विशोकानंद भारती जी महाराज के देवलोकगमन के पश्चात रविवार को उनकी भव्य अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें देश भर से पधारे विभिन्न पीठों के आचार्यों, पीठाधीश्वरों, महामंडलेश्वरों, संत-महात्माओं और हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। महाराज श्री के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनार्थ रखने के बाद शहर के मुख्य मार्ग कोटगेट से होते हुए अंतिम यात्रा धनीनाथ मठ स्थित समाधि स्थल पहुंची, जहां संत समाज की उपस्थिति में पूर्ण वैदिक रीति-रिवाज के साथ उन्हें समाधिस्थ कर अंतिम विदाई दी गई।


इस अवसर पर भारतीय संस्कृति एवं सनातन सार्वभौम महासभा, श्री विप्र महासभा तथा श्री शिवकिशन जमना देवी दाधीच स्मृति सेवा प्रन्यास की ओर से गुरुजी के विशेष कृपापात्र एवं पूजन-अनुष्ठान साधक पं. योगेन्द्र कुमार दाधीच ने महाराज श्री के पार्थिव देह पर 21 ध्वजाएं, 21 फीट की विशाल माला, 21 फीट का अंगवस्त्र, शॉल एवं श्रीफल अर्पित कर ‘जय सनातन’ के उद्घोष के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि दी।



शोक व्यक्त करते हुए भारतीय संस्कृति एवं सनातन सार्वभौम महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं श्री विप्र महासभा के राष्ट्रीय संयोजक पं. योगेन्द्र कुमार दाधीच ने कहा कि स्वामी विशोकानंद जी महाराज का दिव्य जीवन सनातन संस्कृति, वेद-शास्त्रों की परंपरा और मानव कल्याण के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा तथा उनका देवलोकगमन वैदिक सनातन धर्म एवं समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

