स्पर्श ऑर्गेनाइजेशन ने आयोजित की ‘गुड टच-बैड टच’ जागरूकता कार्यशाला, बच्चों को सिखाए आत्मसुरक्षा के गुर
स्पर्श ऑर्गेनाइजेशन ने आयोजित की 'गुड टच-बैड टच' जागरूकता कार्यशाला, बच्चों को सिखाए आत्मसुरक्षा के गुर




बीकानेर, 24 सितंबर। स्पर्श ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में शीतला गेट के बाहर स्थित शांति विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय में बच्चों को ‘गुड टच’ एवं ‘बैड टच’ के प्रति सजग व जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।


कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित (गुड टच) और असुरक्षित (बैड टच) स्पर्श के बीच का अंतर बारीकी से समझाया गया। साथ ही व्यक्तिगत सुरक्षा के नियम और किसी भी असहज या संदिग्ध परिस्थिति में अपने माता-पिता, शिक्षकों या किसी अन्य विश्वसनीय व्यक्ति से निसंकोच सहायता लेने के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया।


आयोजन में मुख्य रूप से वॉलंटियर्स चंद्र प्रभा राजपुरोहित एवं नवाब अली ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए रोचक गतिविधियों, कहानियों और उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया। इस दौरान करुणा क्लब टीम के सदस्यों और स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन सौरभ बजाज ने किया, वहीं पूरे आयोजन के प्रभारी विद्यालय सचिव एवं कब मास्टर रमेश कुमार मोदी रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वयं की सुरक्षा के प्रति आत्मविश्वास जगाना और उन्हें जागरूक बनाना रहा।
