बीकानेर में साधुमार्गी जैन संघ का संयुक्त राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न, देश भर की समाज-सेवी हस्तियाँ सम्मानित
बीकानेर में साधुमार्गी जैन संघ का संयुक्त राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न, देश भर की समाज-सेवी हस्तियाँ सम्मानित

- महिला समिति द्वारा ‘महिला रत्न’ व ‘शासन सेविका’ सम्मान वितरित, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया 3 दिन के तेले का संकल्प
बीकानेर, 12 अक्टूबर । आचार्य श्री रामलाल जी , उपाध्याय श्री राजेश मुनि जी व चारित्र आत्माओं के पावन आशीर्वाद से ‘अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ’, ‘अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी महिला समिति’ एवं ‘समता युवा संघ’ का संयुक्त राष्ट्रीय अधिवेशन व संघ समर्पणा महोत्सव सोमवार को गंगाशहर मार्ग स्थित आदिनाथ भवन में अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।


अधिवेशन में संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र गांधी, महामंत्री सुरेश बच्छावत तथा विभिन्न सहयोगी संगठनों के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में समाज, साहित्य, धर्म एवं मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली देश भर की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। संघ के राष्ट्रीय महामंत्री सुरेश बच्छावत ने विगत कार्यकाल का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का प्रारंभ समता महिला मंडल के मंगलाचरण, समता बहू मंडल के स्वागत गीत तथा बालिका मंडल द्वारा अतिथियों के तिलक अभिनंदन के साथ हुआ।


प्रमुख राष्ट्रीय सम्मान एवं पुरस्कार वितरण
शिखर सदस्य एवं महा प्रभावक सम्मान: इंदौर की श्रीमती अर्चना मेहता को ‘शिखर सदस्य सम्मान’ से नवाजा गया। इसके साथ ही ब्यावर की श्रीमती ज्ञान कंवर ओस्तवाल, निर्मल खिंवसरा, सोहन लाल रांका, कलंगपुर के दिलीप ओस्तवाल, भीखमचंद ओस्तवाल, भिलाई के अखराज ओस्तवाल, कोलकाता के सिद्धार्थ मालू, पीयूष बैद, पुणे के गौतम धाड़ीवाल तथा श्रीमती सपना विजय लोढ़ा को ‘संघ महा प्रभावक सदस्य सम्मान’ प्रदान किया गया।
साहित्य पुरस्कार: बीकानेर के स्वर्गीय प्रदीप कुमार रामपुरिया (सुपुत्र महोपाध्याय स्वर्गीय श्री माणकचंद रामपुरिया) की पावन स्मृति में ₹51,000 का प्रतिष्ठित साहित्य पुरस्कार विजय नगर (ब्यावर) के डॉ. नवल सिंह जैन को प्रदान किया गया। डॉ. नवल सिंह ने सम्मान राशि को साहित्य प्रकाशन में लगाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त दिल्ली की आईपीएस श्रीमती प्रीति जैन को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समता युवा संघ: नई कार्यकारिणी की घोषणा व युवा सम्मान
संयुक्त अधिवेशन में समता युवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमित बंब ने 14 संकल्पों के साथ संघ की गतिविधियों में समर्पित होकर कार्य करने की अपील की, वहीं मंत्री सुमित दस्साणी ने गतिविधियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर वर्ष 2026-28 के लिए नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का मनोनयन किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष: दीपक कंठालिया, राष्ट्रीय महामंत्री: विकास भूरा (श्रीभूमि करीमगंज), कोषाध्यक्ष: शशांक गिडिया (राजनांदगांव), सह कोषाध्यक्ष: अभिषेक चेलावत (जावद)
युवा वर्ग में प्रदत्त पुरस्कार: श्रेष्ठ युवा स्वाध्यायी पुरस्कार भीलवाड़ा के सचिन चंडानिया व सूरत के सुनील मांडोत को दिया गया। समता युवा संघ बड़ी सादड़ी को श्रेष्ठ वृहद संघ, नोखा को श्रेष्ठ लघु संघ तथा बीकानेर को श्रेष्ठ शासन सेवा का पुरस्कार मिला। भायंदर के गौरव गोरेचा को ‘शासन गौरव’, अंकलेश्वर के उप खंड अधिकारी (SDO) उमेश गांधी को ‘समता युवा रत्न’ एवं मनासा के पंकज रूपावल को श्रेष्ठ स्वाध्यायी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
महिला समिति का अधिवेशन: नारी शक्ति का अभिनंदन
साधुमार्गी महिला समिति की राष्ट्रीय महामंत्री प्रीति डागा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती चंचल सांखला ने संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। विभिन्न श्रेणियों में दिए गए मुख्य सम्मान इस प्रकार रहे-
मुख्य सम्मान: अर्जुन्दा की श्रीमती रोमा जैन को ‘महिला रत्न’, ब्यावर की श्रीमती उषा कोठारी को ‘श्रेष्ठ शासन सेविका’, चालीस गांव की श्रीमती अनिता भुरट को ‘श्रेष्ठ विशिष्ट शासन प्रभाविका’ तथा बीकानेर की श्रीमती पुष्पा बांठिया को ‘श्रेष्ठ महिला तपस्वी पुरस्कार’ प्रदान किया गया।
मंडल पुरस्कार: रतलाम महिला मंडल को ‘सम्यक रत्न’, ब्यावर महिला मंडल को ‘स्वर्ण कुंभ पुरस्कार’ तथा समता महिला मंडल गंगाशहर-भीनासर को ‘श्रेष्ठ समता महिला मंडल’ का सम्मान दिया गया।
इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अंचल संयोजिकाओं, युवा तपस्वियों और बालिका मंडल की सदस्यों का अभिनंदन किया गया। सुप्रसिद्ध गायिका श्रीमती अलका डागा, सोनिका जैन व डॉ. सुचिता बोथरा सहित 17 श्राविकाओं को ‘श्रेष्ठ वाग्मिता पुरस्कार’ दिया गया।
पुस्तक विमोचन एवं तेले का संकल्प
अधिवेशन के दौरान संघ के पदाधिकारियों द्वारा आचार्य श्री रामलाल जी म.सा. द्वारा रचित पुस्तक ‘त्रैकालिक आश्चर्य जम्बू कुमार’ पर आधारित परीक्षा पुस्तिका का गरिमामय लोकार्पण किया गया।
साधुमार्गी सेवा समिति के मीडिया प्रचारक अमित गोलछा ने बताया कि छबली घाटी स्थित सेवा सदन ‘समर्पण’ चातुर्मास स्थल पर आचार्य श्री रामलाल जी म.सा. की पावन प्रेरणा से उपस्थित सैकड़ों श्रावक-श्राविकाओं ने एक साथ खड़े होकर तीन दिन की ‘तेले’ की कठोर तपस्या करने का संकल्प लिया।

