214 प्रतिभाओं के सम्मान से गूंजा शाकद्वीपीय समाज; राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा का भव्य समारोह संपन्न
214 प्रतिभाओं के सम्मान से गूंजा शाकद्वीपीय समाज; राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा का भव्य समारोह संपन्न



बीकानेर, 28 सितम्बर । राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा, बीकानेर की ओर से धरणीधर ऑडिटोरियम में भव्य शाकद्वीपीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा सत्र 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान शिक्षा, खेल, कला-संस्कृति तथा प्रशासनिक व सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली 214 प्रतिभाओं को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष गणेश दास सेवग ने की। मुख्य अतिथि शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण सभा-जयपुर के अध्यक्ष व विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप व्यास रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार हरीश बी. शर्मा, महेश भोजक, महासचिव राजेश शर्मा, समाजसेवी बनवारी लाल पांडे एवं प्रांतीय संयोजक जेठमल शर्मा मंचासीन रहे।


मुख्य अतिथि कुलदीप व्यास ने कहा कि प्रतिभाओं की सफलता पूरे समाज का गौरव बढ़ाती है। उन्होंने प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। साहित्यकार हरीश बी. शर्मा ने युवाओं से शिक्षा के साथ संस्कारों, साहित्य और सामाजिक दायित्वों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
महासचिव राजेश शर्मा एवं संगठन मंत्री जुगल किशोर सेवग ने बताया कि 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर तथा जिला व राज्य स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं के अलावा नवनिर्वाचित पार्षद श्रीमती सुषमा शर्मा (बीकानेर), रेखा भोजक (सरदारशहर) व प्रदीप पांडे (राजलदेसर) का भी नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया।
संभाग सचिव नीलेश शर्मा ने बताया कि वेदपाठी लक्ष्य भोजक को उज्जैन की संस्था से ‘वेद विभूषण’ की उपाधि मिलने पर बीकानेर वेद पाठी संघ द्वारा ₹5,100 का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। बीकानेर संभाग अध्यक्ष एडवोकेट दिलीप सेवग ने आयोजन को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में सखी स्वरा समूह की बालिकाओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंच संचालन जया शर्मा व ऋतिका शर्मा ने किया, जबकि आभार जेठमल शर्मा एवं राजेंद्र शर्मा ने व्यक्त किया। समारोह में समाज के अनेक प्रबुद्ध नागरिक, महिलाएं व युवा उपस्थित रहे।
