बीकानेर में मूसलाधार बारिश से थमी शहर की रफ्तार
बीकानेर में मूसलाधार बारिश से थमी शहर की रफ्तार



श्रीडूंगरगढ़ में 100 KM की स्पीड वाले तूफान में वेयरहाउस ढहा


बीकानेर, 7 जून। बीकानेर संभाग में वीकेंड पर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। शनिवार और रविवार दोपहर बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बादलों ने जमकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और मूसलाधार बारिश का दौर चला। इस झमाझम बारिश से जहां एक ओर तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली, वहीं दूसरी ओर मात्र कुछ घंटों की बरसात ने नगर निगम के ड्रेनेज सिस्टम और प्रशासनिक दावों की पूरी तरह हवा निकाल दी। शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर निचले रिहायशी इलाकों में सड़क पर पानी ही पानी नजर आया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


मौसम के इस बदले मिजाज के बीच बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में एक बड़ा हादसा सामने आया। कस्बे के बीदासर रोड इलाके में बारिश से ठीक पहले करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भीषण अंधड़ आया। इस शक्तिशाली तूफान के कारण क्षेत्र में स्थित एक निजी वेयरहाउस की पूरी बिल्डिंग ढह गई। गनीमत यह रही कि संडे होने और समय रहते सतर्कता बरतने के कारण हादसे में कोई जनहानि या हताहत नहीं हुआ। हालांकि, बिल्डिंग के मलबे और बारिश के पानी के कारण वेयरहाउस के भीतर रखा कीमती सामान और स्टॉक पूरी तरह बर्बाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तूफान इतना भयानक था कि वेयरहाउस के ऊपर लगे विशाल टिन शेड हवा में उड़कर करीब आधा किलोमीटर दूर खेतों में जा गिरे। इसके अलावा आसपास की कई अन्य फैक्ट्रियों के टिन शेड भी उखड़ गए।
मौसम विभाग ने सुबह साढ़े पांच बजे ही क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए मौसम में अचानक बदलाव और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी थी। पिछले तीन दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो बादलों की मेहरबानी बीकानेर और श्रीगंगानगर के सीमावर्ती इलाकों में सबसे ज्यादा देखने को मिली है। जिले के लूणकरणसर, महाजन और अरजनसर सहित श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ क्षेत्र में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, सुबह के समय तापमान तेजी से बढ़ते हुए 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, जिससे दोपहर में भीषण गर्मी के आसार लग रहे थे, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवाओं और स्थानीय मौसमी तंत्र के सक्रिय होने से दोपहर बाद एकाएक घने बादल छा गए और मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव के चलते आगामी कुछ दिनों तक संभाग में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। हालांकि बीकानेर शहर के मुख्य शहरी भाग में सोमवार से भारी बारिश की संभावना थोड़ी कम हुई है, लेकिन ग्रामीण अंचलों और सीमावर्ती क्षेत्रों में धूलभरी तेज हवाओं, आंधी और हल्की से मध्यम बारिश का दौर रुक-रुक कर चलता रहेगा।


