बीकानेर में शोध अधिकारी मदन मोहन व्यास ‘एसपी’ को दी गई श्रद्धांजलि
बीकानेर में शोध अधिकारी मदन मोहन व्यास ‘एसपी’ को दी गई श्रद्धांजलि



बीकानेर, 26 सितम्बर । सादुल राजस्थानी रिसर्च इंस्टीट्यूट के तत्वावधान में शिक्षाविद एवं शोध अधिकारी मदन मोहन व्यास ‘एसपी’ के असामयिक निधन पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकीय संग्रहालय परिसर स्थित संस्थान सभागार में आयोजित इस सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार, कवि व कथाकार राजेन्द्र जोशी ने की, जबकि मुख्य अतिथि वरिष्ठ व्यंग्यकार बुलाकी शर्मा और विशिष्ट अतिथि साहित्यकार राजाराम स्वर्णकार रहे।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित साहित्यकारों और प्रबुद्धजनों ने स्वर्गीय व्यास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुरातत्व विभाग के संग्रहालयाध्यक्ष राकेश शर्मा, पुस्तकालयाध्यक्ष विमल शर्मा और परामर्शक नम्रता चौधरी ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।


अध्यक्षीय उद्बोधन में राजेन्द्र जोशी ने व्यास के निधन को साहित्य, शिक्षा और शोध क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि व्यास ने अपनी शोधपरक दृष्टि से जो पहचान बनाई है, वह लंबे समय तक याद रखी जाएगी। मुख्य अतिथि बुलाकी शर्मा ने उनके व्यक्तित्व को सहज, अध्ययनशील और कर्मठ बताते हुए कहा कि उनके असामयिक निधन से शोध जगत ने एक संवेदनशील और प्रतिबद्ध व्यक्तित्व खो दिया है। वहीं विशिष्ट अतिथि राजाराम स्वर्णकार ने उनके साहित्यिक समर्पण और आत्मीय व्यवहार को रेखांकित किया।
संग्रहालयाध्यक्ष राकेश शर्मा, पुस्तकालयाध्यक्ष विमल शर्मा और परामर्शक नम्रता चौधरी ने भी विचार व्यक्त करते हुए उनके निरंतर अध्ययन की परंपरा, विनम्रता और शोध-दृष्टि की सराहना की। इस अवसर पर अजय सहारण, हरीश ढाका और मनीष ढाका ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
