निर्दलीय पार्षद सुषमा शर्मा का सम्मान, कामिनी भोजक बोलीं- सच्चा सेवक जनता की ताकत से बढ़ता है आगे
निर्दलीय पार्षद सुषमा शर्मा का सम्मान, कामिनी भोजक बोलीं- सच्चा सेवक जनता की ताकत से बढ़ता है आगे



बीकानेर, 26 सितम्बर । सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय संस्था कल्याण फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा बीकानेर नगर निगम के वार्ड नंबर 49 से निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुईं श्रीमती सुषमा शर्मा का नागरिक अभिनंदन एवं सम्मान किया गया।


इस अवसर पर फाउंडेशन की निदेशक कामिनी विमल भोजक मैया ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सच्चा जनसेवक किसी राजनीतिक दल के सहारे का मोहताज नहीं होता, बल्कि वह जनता के अटूट विश्वास, समर्थन और आशीर्वाद की बदौलत आगे बढ़ता है। उन्होंने सुषमा शर्मा को इसका प्रत्यक्ष उदाहरण बताते हुए कहा कि दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों को पीछे छोड़ते हुए वार्ड की जनता ने उन पर अपना भरोसा जताया है। कामिनी भोजक ने कहा कि ऐसे निष्ठावान जनसेवक का सम्मान कर फाउंडेशन स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।


समारोह में उपस्थित आर.के. शर्मा ने सुषमा शर्मा को सम्मानित करते हुए कहा कि जनता के इस भरोसे पर उन्हें हर परिस्थिति में खरा उतरना होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनसेवा के मार्ग में आने वाली हर चुनौती में समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। वहीं, रेनुकूट से आए अनिल शर्मा ने उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित पार्षद के उज्ज्वल एवं सफल सार्वजनिक जीवन की मंगलकामना की। इस अवसर पर खुश भोजक, प्रसन्न कुमार शर्मा, राजेश शर्मा, सुधीर शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग एवं परिवारजन मौजूद रहे।
