एसीबी का बड़ा एक्शन बीडीओ की कार से 8.14 लाख बरामद, छापे में मिला 1 किलो सोना
एसीबी का बड़ा एक्शन बीडीओ की कार से 8.14 लाख बरामद, छापे में मिला 1 किलो सोना



- एसीबी का बड़ा एक्शन बीडीओ नारायण सुथार की कार से 8.14 लाख बरामद, बीकानेर स्थित आवास पर छापे में मिला 1 किलो सोना
बीकानेर, 26 सितंबर। फलोदी जिले की लोहावट तहसील में पदस्थापित विकास अधिकारी (बीडीओ) नारायण सुथार पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ा शिकंजा कसा है। शुक्रवार को भीनासर नाके पर बीडीओ की कार से 8.14 लाख रुपये नकदी बरामद होने के बाद एसीबी द्वारा विश्वकर्मा गेट स्थित उनके बीकानेर आवास पर की गई सर्च कार्रवाई में 1 किलो सोने के बिस्किट और आभूषण (कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये) तथा जयपुर में दो प्लॉटों के दस्तावेज जब्त किए गए हैं।


एसीबी के विशेष इकाई एएसपी आशीष कुमार के अनुसार, मुखबिर की सटीक सूचना पर डीएसपी इंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने भीनासर नाके के पास औचक जांच अभियान चलाया। जोधपुर से बीकानेर आ रही बीडीओ नारायण सुथार की कार को रोककर जब तलाशी ली गई, तो खलासी साइड की सीट के नीचे रखे एक बैग से 8,14,000 रुपये नकद मिले। नकदी के संबंध में जब पूछताछ की गई, तो बीडीओ कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं प्रस्तुत कर सके।


कार से संदिग्ध नकदी मिलने के तुरंत बाद एसीबी टीम बीडीओ को उनके बीकानेर स्थित आवास पर ले गई, जहां शाम 7 बजे से देर रात 1 बजे तक गहन सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान घर से 1 किलो सोने के बिस्किट व जेवरात तथा उनके पिता के नाम जयपुर में खरीदे गए दो प्लॉटों की रजिस्ट्रियां बरामद हुईं।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले की पूरी विस्तृत रिपोर्ट एसीबी जयपुर मुख्यालय भेज दी गई है, जहां से जांच अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। फिलहाल बीडीओ के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आगामी कार्य दिवसों में बीडीओ के बैंक खातों, लॉकरों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अन्य दस्तावेजों को खंगाला जाएगा।
