बीकानेर में शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज का अनूठा शैक्षणिक महाकुंभ
बीकानेर में शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज का अनूठा शैक्षणिक महाकुंभ



- 32 प्रतिभाओं को बांटी ₹3.27 लाख की छात्रवृत्ति, यूपीएससी क्रैकर डॉ. मुदिता शर्मा ने युवाओं को दिए सफलता के मंत्र
बीकानेर, 14 जून । शाकद्वीपीय ब्राह्मण उच्च शिक्षा समिति, बीकानेर के तत्वावधान में रविवार को एक भव्य व गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। शिव शक्ति सदन के सेठ प्रेमरतन सेवग सभागार में आयोजित इस समारोह में समाज की 32 होनहार प्रतिभाओं को उच्च शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कुल 3 लाख 27 हजार रुपये की छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन पुरस्कार राशि का वितरण किया गया।


समिति के वरिष्ठ सदस्य आर. के. शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रेरणास्पद समारोह की मुख्य अतिथि इंडियन डिफेंस अकाउंट सर्विसेज (IDAS) की वरिष्ठ अधिकारी डॉ. मुदिता शर्मा थीं, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) बीकानेर के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक बलदेव दत्त सेवग मंचस्थ रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय महासभा के अध्यक्ष गणेश दास सेवग ने की।


13 सदस्यों से शुरू होकर 120 पार पहुंची समिति- महेश भोजक
शिक्षाविद् स्व. हनुमान दास भोजक एवं स्व. बुद्धमल हंसावत की पावन स्मृति को समर्पित इस समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और भगवान सूर्य नारायण की स्तुति के साथ हुआ। इसके पश्चात बजरंग लाल सेवग (मास्टरजी) ने सभी पधारे हुए अतिथियों व समाज बंधुओं का स्वागत किया।
समारोह के मुख्य संयोजक महेश कुमार भोजक ने विषय प्रवर्तन करते हुए समिति के आठ वर्षों के गौरवशाली सफर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महज 13 सदस्यों से प्रारंभ हुई इस समिति का कारवां अब 120 से अधिक सदस्यों तक पहुंच चुका है। समिति की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि हर वर्ष 70 से 75 सदस्य स्वेच्छा से 5-5 हजार रुपये की राशि कोष में प्रदान करते हैं, जिसका शत-प्रतिशत पारदर्शी वितरण प्रतिभावान और जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए किया जाता है।
शिक्षा ही सफलता का एकमात्र मार्ग, शॉर्टकट कोई नहीं: डॉ. मुदिता शर्मा
वर्ष 2013 बैच की एमबीबीएस और यूपीएससी 2022 (UPSC) की परीक्षा में देश भर में परचम लहराकर आईडीएस (IDAS) 2023 बैच की अधिकारी बनीं डॉ. मुदिता शर्मा ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके द्वारा जीवन के किसी भी मुकाम और सफलता को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता और सफलता का जीवन में कोई शॉर्टकट नहीं है।
नीट, जेईई और सीए के विद्यार्थियों को मिली बड़ी सहायता
समिति द्वारा बीकानेर सहित तारानगर, सुजानगढ़, मेड़तासिटी, कुचेरा, रींगस, मेड़तारोड, श्रीडूंगरगढ़, नोखा, श्रीकोलायत, नागौर, लाडनूं, रतनगढ़, राजलदेसर और नोहर क्षेत्र के अध्ययनरत मेधावी छात्रों को निम्नानुसार राशि वितरित की गई:
नीट (NEET) व जेईई (JEE) कोचिंग हेतु: नताशा पांडे, हिमांशु भोजक, सुमित शर्मा, भाविनी शर्मा, खुश्बू भोजक और वंश शर्मा को 35-35 हजार रुपये की विशेष छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
सीए (CA) कोचिंग हेतु: प्रिंस शर्मा और जागृति पांडे को 21-21 हजार रुपये की सहायता राशि सौंपी गई।
यूजीसी नेट (UGC-NET) सफलता पर: उच्च शिक्षा में नेट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली ऋतु पांडे और रमेश कुमार भोजक को 10-10 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
प्रोत्साहन पुरस्कार राशि: समाज की अन्य प्रतिभाशाली छात्राओं और छात्रों— दर्शना शर्मा, अवनी हंसावत, ध्रुविका शर्मा, तन्वी शर्मा, तन्मय शर्मा, कृष्णा शर्मा, कामाख्या पांडे, हर्षवर्द्धन शर्मा, दिव्यांश शर्मा, रघुनंदन शर्मा, ख्याति शर्मा, दिव्यांशी पांडे, भारती सेवग, कीर्ति भोजक, दिशिका शर्मा, प्रियांशी शर्मा, पूर्वा, गरिमा सेवग, प्रतीक भोजक, नंदिनी भोजक, सौम्या भोजक और खुश शर्मा को 2500-2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
इसके अतिरिक्त, स्व. पुरुषोत्तम लाल सेवक की स्मृति में भामाशाह पवन शर्मा द्वारा सभी पुरस्कृत छात्रों को सुंदर लैपटॉप बैग भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट सहयोग के लिए कैलाश शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, घनश्याम शर्मा और वरिष्ठ फोटोग्राफर बलदेव का भी विशेष सम्मान किया गया।
समाज के प्रबुद्ध जनों ने दीं शुभकामनाएं
समारोह के दौरान बलदेव दत्त सेवग, गणेश दास सेवग, डॉ. सोमकांत भोजक, सत्यदीप शर्मा, पवन कुमार शर्मा, जेठमल शर्मा और ज्योति शर्मा ने भी सदन को संबोधित करते हुए शिक्षा के लोकव्यापीकरण पर बल दिया।
इस अवसर पर मंच के सामने समाज के गणमान्य नागरिक निर्मल कुमार शर्मा, दया शंकर शर्मा, राजेश शर्मा, दिलीप सेवग, राजीव भोजक, बनवारी लाल पांडे, गजानंद सेवग, जतन लाल, सीए के. डी. सेवग, दुर्गादत्त भोजक, डॉ. हेमलता शर्मा, स्थानीय पार्षद दूलीचंद व राजेश भोजक सहित सैकड़ों की संख्या में मातृशक्ति व युवा उपस्थित रहे। पूरे गरिमापूर्ण कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रख्यात उद्घोषक संजय शर्मा ने किया तथा अंत में आर. के. शर्मा ने सभी आगंतुकों और सहयोगियों का हृदय से आभार प्रकट किया।


