कार्यालयीन गतिविधियों में सरल हिंदी के प्रयोग से बढ़ेगा जुड़ाव- डॉ. मेघना शर्मा
कार्यालयीन गतिविधियों में सरल हिंदी के प्रयोग से बढ़ेगा जुड़ाव- डॉ. मेघना शर्मा



- BSNL बीकानेर में हिंदी कार्यशाला का आयोजन
बीकानेर, 29 सितम्बर । भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL), बीकानेर व्यवसाय क्षेत्र द्वारा हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत “हिंदी भाषा के ऐतिहासिक विकास चरण: वर्तमान परिप्रेक्ष्य में हिंदी के प्रयोग तक” विषय पर एक दिवसीय हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीकानेर व्यवसाय क्षेत्र के महाप्रबंधक ओ. पी. खत्री ने की।


कार्यशाला में महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की एसोसिएट प्रोफेसर, इतिहास विभागाध्यक्ष एवं ‘सेंटर फॉर म्यूजियम एंड डॉक्यूमेंटेशन’ की निदेशक डॉ. मेघना शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाप्रबंधक ओ. पी. खत्री ने डॉ. मेघना शर्मा का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।


मुख्य वक्ता डॉ. मेघना शर्मा ने अपने संबोधन में हिंदी भाषा के ऐतिहासिक विकासक्रम और वर्तमान दौर में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कामकाज में सरल और व्यावहारिक हिंदी के प्रयोग से भाषा के प्रति जुड़ाव और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने हिंदी को दैनिक कार्य-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने पर विशेष बल दिया।
कार्यशाला के उपरांत डॉ. मेघना शर्मा ने 14 सितम्बर से आयोजित हिंदी पखवाड़े के दौरान संपन्न हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं—जैसे हिंदी श्रुतिलेख, स्वरचित काव्य पाठ, निबंध लेखन और हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र व स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कृत होने वालों में भव्यांश चौहान, रूजल, किंजल गोस्वामी, गर्व गोठवाल, देवांश गोठवाल, मनोज चौहान, मोनिका मिनोचा, वीरेंद्र सिंह, विकास शर्मा, योगेश कुमार, श्रीनाथ पुरोहित एवं विकाश श्योरान शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक ओ. पी. खत्री ने मुख्य वक्ता डॉ. मेघना शर्मा को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार जताया। उप महाप्रबंधक महेश व्यास सहित BSNL के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राजभाषा हिंदी का कार्यालयीन कार्यों में अधिकाधिक प्रयोग करने का संकल्प लिया। कार्यशाला का सफल संचालन सहायक महाप्रबंधक (संचालन) अजय चौधरी द्वारा किया गया।
