

- डॉ. बी.डी. कल्ला व महापौर अनिल कल्ला रहे मुख्य अतिथि
बीकानेर, 11 नवम्बर । महबूब एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी के तत्वाधान में मोहल्ला चूनगरान चौक में ‘चूनगरान समाज प्रतिभा सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में समाज का गौरव बढ़ाने वाली 70 उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था अध्यक्ष हाफिज फरमान अली द्वारा अतिथियों का आत्मीय स्वागत कर किया गया।


समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने प्रतिभाओं को सम्मानित करने के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रशासनिक एवं उच्च सेवाओं में सफलता दिलाने के लिए समाज स्तर पर मार्गदर्शन और कोचिंग की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए। कार्यक्रम में बोलते हुए महापौर अनिल कल्ला ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना एक अत्यंत प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने सफल बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता के योगदान को सराहते हुए उनके सम्मान को भी जरूरी बताया।



समारोह में पीर मोहम्मद सलीम चिश्ती मुख्य मेहमान के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित डॉ. मोहम्मद साबिर, डॉ. अब्दुल समद, नगर निगम के पूर्व आयुक्त मौलाबख्श एवं एसबीबीजे बैंक के पूर्व चीफ मैनेजर अल्लाह बख्श द्वारा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं गणमान्यजनों को उपहार भेंट किए गए। मंच संचालन इरशाद अजीज ने किया, जिन्होंने अतिथियों एवं सम्मानितजनों का परिचय प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के संयोजक अजीज भुट्टा ने सभी का धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हुए घोषणा की कि संस्था द्वारा समाज के जरूरतमंदों को सरकारी जन कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए पंजीकरण हेतु मार्गदर्शन और पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इन्हें मिला सम्मान
समारोह के दौरान समाज एवं क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले अशफाक अहमद कादरी, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि ताहिर हसन कादरी, अशफाक कादरी, फिदा हुसैन, शाकिर अहमद, अफरोज खान, हसन अली, शहजाद अहमद, इरफान अली, मास्टर बिलाल अहमद, राशिद हसन एवं बिशारत अली सहित 70 प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

