

15 नवंबर को आयोजित होगा जैन कार्निवल फन फेयर


बीकानेर, 10 नवम्बर । भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण दिवस के पावन अवसर पर मंगलवार को छबीली घाटी स्थित सेवा सदन में साधुमार्गी जैन संघ के आचार्य प्रवर रामलाल जी म.सा., उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि एवं शोभन मुनि के सान्निध्य में जैन धर्म के प्रमुख आगम उत्तराध्ययन सूत्र का वांचन किया गया। वहीं, मूर्तिपूजक जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ, तपागच्छ व पार्श्वचंद्र गच्छ संघ के उपासरों में गौतम रास का वांचन हुआ। सूत्र वांचना के उपरांत मूर्तिपूजक जैन समाज के अनुयायियों ने भगवान महावीर के जिनालयों में निर्वाण के लड्डू चढ़ाकर दर्शन-वंदन किया।



साधुमार्गी सेवा समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद ने बताया कि उत्तराध्ययन सूत्र तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की अंतिम देशना (उपदेश) है, जो उन्होंने पावापुरी में अपने निर्वाण से ठीक पूर्व 48 घंटों के निरंतर प्रवचन के दौरान दी थी। प्राकृत भाषा के इस पवित्र आगम में 36 अध्याय हैं, जिनमें विनय, क्षमा, सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह, अनित्यता और आत्मज्ञान जैसे गहन आध्यात्मिक विषयों का समावेश है। समिति के मीडिया प्रभारी अमित गोलच्छा ने बताया कि आचार्यश्री व उपाध्याय प्रवर ने मूल 36वीं गाथा का वांचन कर प्रवचन दिए, वहीं शोभन मुनि ने करीब दो घंटे तक आगम का वांचन किया।
15 नवंबर को लगेगा जैन कार्निवल फन फेयर
साधुमार्गी सेवा समिति की ओर से आगामी 15 नवंबर (रविवार) को छबीली घाटी के सेवा सदन में चारित्र आत्माओं के सान्निध्य में बच्चों के लिए ‘जैन कार्निवल फन फेयर’ का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1:45 बजे से 3:00 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बच्चों एवं अभिभावकों के लिए खेलों, स्नैक्स और आकर्षक उपहारों की व्यवस्था रहेगी। आयोजन में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है, जिसके लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य है।

