

बीकानेर, 11 नवम्बर । ऐतिहासिक नगरी बीकानेर में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर सिक्कों, करेंसी नोटों, डाक टिकटों और दुर्लभ संग्रहणीय वस्तुओं की भव्य प्रदर्शनी ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’ का आयोजन होने जा रहा है। बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी के तत्वावधान में यह तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर का महोत्सव आगामी 13 से 15 नवंबर तक गंगाशहर रोड स्थित जैन पब्लिक स्कूल के सामने अग्रवाल भवन में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।



इस भव्य आयोजन में मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, लुधियाना, कानपुर, नोएडा और नासिक सहित देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी लगभग 100 प्रतिष्ठित मुद्रा संग्रहकर्ता (न्यूमिसमेटिस्ट) एवं विशेषज्ञ भाग लेंगे। आयोजन की जानकारी देते हुए सोसायटी के अध्यक्ष किशन लाल सोनी ने बताया कि सिक्के इतिहास का जीवंत आईना होते हैं। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य आमजन को हमारी ऐतिहासिक धरोहर के महत्व से परिचित करवाना और इसे संरक्षित करने के लिए प्रेरित करना है।



ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और निःशुल्क परामर्श
आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में पुराने सिक्कों और करेंसी नोटों की खरीद-बिक्री के नाम पर ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में यह महोत्सव लोगों को एक विश्वसनीय और सुरक्षित मंच प्रदान करेगा, जहां वे बिना किसी ऑनलाइन झांसे में आए सीधे देश के अनुभवी और विशेषज्ञ मुद्रा संग्रहकर्ताओं से आमने-सामने मिलकर अपने घरों में रखे पुराने सिक्कों व नोटों का ऐतिहासिक महत्व जान सकेंगे और निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।
दुर्लभ वस्तुओं का होगा प्रदर्शन, 25 हजार लोगों के जुटने की संभावना
सोसायटी के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह पारख ने बताया कि इस प्रदर्शनी में प्राचीन एवं आधुनिक सिक्कों, विभिन्न देशों की करेंसी, दुर्लभ नोटों, डाक टिकटों, माचिस संग्रह और ऐतिहासिक महत्व की पुरानी घड़ियों सहित अनेक प्रकार की अनमोल संग्रहणीय वस्तुएं प्रदर्शित की जाएंगी। यह आयोजन विद्यार्थियों, इतिहास प्रेमियों, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
सचिव सुधीर लुणावत ने बताया कि इस तीन दिवसीय महोत्सव में बीकानेर सहित पूरे राजस्थान से लगभग 25 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को व्यापक जनभागीदारी देने के लिए जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, महापौर, नगर निगम आयुक्त, संभागीय आयुक्त, जनप्रतिनिधियों और 500 से अधिक विशिष्ट नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही, विद्यार्थियों में इतिहास और संग्रहण की रुचि जगाने के लिए 50 से अधिक विद्यालयों से संपर्क कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
छह महीने से चल रही है तैयारियां
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी की पूरी टीम पिछले छह महीनों से जुटी हुई है। आगंतुकों के स्वागत, मार्गदर्शन और व्यवस्थाओं के लिए 20 सदस्यों की अलग-अलग टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। कोषाध्यक्ष कन्हैया लाल सोनी का मानना है कि यह महोत्सव बीकानेर की सांस्कृतिक व ऐतिहासिक पहचान को एक नया आयाम देगा और नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ेगा।

