खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने लूणकरणसर में दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात
खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने लूणकरणसर में दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात


बीकानेर, 10 फ़रवरी । राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दर्जनों विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर ग्रामीण अंचल को करोड़ों रुपये की सौगातें भेंट कीं। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के गांव अब विकास की मुख्यधारा से जुड़कर ऐतिहासिक प्रगति कर रहे हैं।


क्षेत्र को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए खाद्य मंत्री ने पनपालसर में 33/11 केवी जीएसएस का लोकार्पण किया। उन्होंने किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए कहा कि लूणकरणसर एक कृषि प्रधान क्षेत्र है और सरकार का लक्ष्य यहाँ के अन्नदाताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है। इसके लिए क्षेत्र में दर्जनों नए जीएसएस का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली तंत्र को सुदृढ़ किया जा रहा है।


शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती प्रदान करते हुए गोदारा ने शेरेरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कक्षा-कक्षों और आधुनिक लैब का शिलान्यास किया। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ के लिए नए आवासों के निर्माण की नींव भी रखी। उन्होंने हेमेरा, रुपेरा-पुरेरा, भोजेरा और खारड़ा जैसे गांवों में भी सामुदायिक भवन, सीसी ब्लॉक सड़कें, पेयजल हेतु ट्यूबवेल और उप-स्वास्थ्य केंद्रों सहित अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
विकास कार्यों के दौरान ग्रामीणों से रूबरू होते हुए खाद्य मंत्री ने उनकी समस्याएं सुनीं और विश्वास दिलाया कि क्षेत्र की प्रगति में फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन’ की सरकार अंत्योदय की भावना से कार्य कर रही है ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुँच सके। इस अवसर पर रामनिवास खीचड़, गिरधारी सियाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
