बीकानेर के रासीसर गांव में सनसनीखेज वारदात, घर में घुसकर ट्रक चालक की फावड़े से काटकर हत्या
बीकानेर के रासीसर गांव में सनसनीखेज वारदात


बीकानेर , 25 मार्च । जिले के नोखा थाना क्षेत्र के रासीसर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक की उसके अपने ही घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने साजिश के तहत ट्रक चालक अनिल बिश्नोई के सिर पर फावड़े (कस्सी) से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।


वारदात की सूचना मिलते ही नोखा सीआई अरविंद भारद्वाज पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ जरनैल सिंह और एएसपी ग्रामीण बनवारी लाल मीणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बीकानेर से बुलाई गई एफएसएल (FSL) और एमओबी (MOB) की टीमों ने मौके से खून से सने पदचिह्न, उंगलियों के निशान और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त खून से सना फावड़ा भी बरामद हुआ है।


मृतक की पहचान रासीसर निवासी अनिल बिश्नोई के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अनिल सोमवार सुबह ही अपना ट्रक लेकर गांव लौटा था और ट्रक को एक होटल के पास खड़ा कर नहाने के लिए घर गया था। दिन भर वह घर पर ही था, लेकिन शाम को जब पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों ने उसे चाय के लिए आवाज लगाई और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो वे घर के भीतर दाखिल हुए। वहां मुख्य द्वार के पास ही अनिल का शव लहूलुहान हालत में पड़ा देख उनके होश उड़ गए।
मृतक के पिता भगवानाराम बिश्नोई ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि वह खेत पर काम कर रहे थे, तभी उन्हें घर के आंगन में अनिल के अचेत पड़े होने की सूचना मिली। जब तक उसे नोखा के राजकीय जिला अस्पताल ले जाया गया, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में अत्यधिक रक्तस्राव और सिर पर गहरे घावों को मौत का मुख्य कारण माना जा रहा है। संघर्ष के निशानों से अंदेशा लगाया जा रहा है कि अनिल ने हमलावरों का मुकाबला करने की कोशिश की थी।
फिलहाल, पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। सीआई अरविंद भारद्वाज ने बताया कि पुलिस रंजिश सहित तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
