

- राष्ट्रीय संत सरजूदास जी महाराज ने कहा— गौसेवा से शुरू हर कार्य होता है सफल
बीकानेर, 10 नवम्बर । गौमाता की सेवा यानी तैंतीस कोटि देवी-देवताओं के साक्षात् पूजन के समान है। यह उद्गार राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर व्यक्त किए। मंगलवार सुबह रामझरोखा कैलाश धाम आश्रम स्थित गौशाला में गोवर्धन पूजा के पश्चात गौमाता का विधि-विधान से पूजन किया गया। इस दौरान गौमाता पर पुष्पवर्षा कर उन्हें हरा चारा और गुड़ खिलाया गया।


महामंडलेश्वर श्री सरजूदास जी महाराज ने बताया कि मथुरा में हुए वृहद् आयोजन का शुभारंभ बीकानेर में गौशाला पूजन से किया गया था तथा पूर्णाहुति के उपरांत भी गौमाता का पूजन किया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत गौसेवा अथवा गौमाता के पूजन के साथ की जाए, तो उसमें निश्चित रूप से सफलता प्राप्त होती है।



गोवर्धन पूजा के एक दिन पूर्व रामझरोखा कैलाशधाम को 1008 माटी के दीपकों से भव्य रूप से रोशन किया गया। इस अवसर पर बच्चों को पटाखे और मिठाइयां वितरित कर दीपावली की खुशियां उत्साहपूर्वक मनाई गईं।

