श्रीलालेश्वर महादेव मंदिर में सत्संग भवन का भूमि पूजन
श्रीलालेश्वर महादेव मंदिर में सत्संग भवन का भूमि पूजन


- राजमाता सुशीला कंवर की स्मृति में विधायक सिद्धि कुमारी ने रखी आधारशिला
बीकानेर, 06 मई। बीकानेर के ऐतिहासिक शिवबाड़ी स्थित श्रीलालेश्वर महादेव मंदिर, शिवमठ में बुधवार को एक भव्य धार्मिक समारोह के बीच सत्संग भवन का भूमि पूजन संपन्न हुआ। यह भवन बीकानेर पूर्व की विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी द्वारा अपनी दादी, दिवंगत राजमाता सुशीला कंवर की पावन स्मृति में बनवाया जा रहा है।


स्वामी विमर्शानंदगिरि महाराज के सान्निध्य में हुआ अनुष्ठान
ब्रह्मलीन गुरुदेव स्वामी संवित् सोमगिरिजी महाराज के आशीर्वाद से आयोजित इस कार्यक्रम में मंदिर अधिष्ठाता पूज्य स्वामी विमर्शानंदगिरि जी महाराज का विशेष सान्निध्य रहा। प्रातः 11:15 बजे मंदिर के पुजारी श्यामसुंदर पारीक ने प्रन्यास के सदस्यों और साधकों के साथ विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन की रस्म संपन्न करवाई।


स्मृति को अक्षुण्ण रखने की पहल
इस अवसर पर स्वामी विमर्शानंदगिरि जी महाराज ने विधायक सिद्धि कुमारी की सराहना करते हुए कहा कि अपनी दादीसा राजमाता की स्मृति को जीवंत रखने के लिए मंदिर प्रांगण में सत्संग भवन का निर्माण करवाना अत्यंत हर्ष का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में यह भवन आध्यात्मिक चेतना और सत्संग कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र बनेगा। मंदिर प्रन्यास ने इस पुनीत कार्य के लिए विधायक का हृदय से आभार व्यक्त किया।
प्रन्यास और गणमान्य जनों की उपस्थिति
मानव प्रबोधन प्रन्यास के विजेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर सत्यप्रकाश आचार्य, उम्मेद सिंह राजपुरोहित, अजय खत्री, मोहित राजपुरोहित और ज्ञान प्रकाश यादव सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इनके साथ ही इंजीनियर मुकेश गुप्ता, राजकुमार कौशिक, सुरेश गुप्ता, बजरंगलाल शर्मा, हरिओम पुंज, हरीशचंद्र शर्मा, रमेश जोशी, घनश्याम स्वामी और प्रताप सिंह ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।

