बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर सरकारी समाचार


- राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 2026: मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राजकीय चौपड़ा स्कूल के विद्यार्थी से किया संवाद
- विद्यार्थी से विज्ञान क्लब से प्राप्त अनुभवों की ली जानकारी
बीकानेर, 11 मई। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 2026 के अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा सोमवार को जयपुर के बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ साइंटिफिक रिसर्च सभागार में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम का लाइव जिला स्तर पर सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया गया।


कार्यक्रम में जिला कलेक्टर निशांत जैन सहित जिले के राजकीय एवं निजी विद्यालयों के विज्ञान क्लब के विद्यार्थियों तथा विज्ञान शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा गंगाशहर स्थित सेठ भैरूदान चोपड़ा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 11 के विद्यार्थी आनंद विश्नोई से संवाद किया गया तथा विज्ञान क्लब से प्राप्त अनुभवों की जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित भी किया।


जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर निशांत जैन ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विज्ञान क्लब की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने, वैज्ञानिक सोच विकसित करने, नवाचार एवं अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ाने का आह्वान किया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान एडीएम (सिटी) रमेश देव, संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा श्रीमती सुनीता चावला, संयुक्त निदेशक डीओआईटी सत्येन्द्र सिंह राठौड़, सीडीईओ महेंद्र कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा किशन दान चारण, परियोजना अधिकारी डीईएसटी कमलकांत स्वामी, राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत शिक्षक दीपक शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी एवं विज्ञान शिक्षक उपस्थित रहे।
======
- एसडीएम राजकीय जिला अस्पताल को मिली बड़ी सौगात, नवीन शिशु रोग वार्ड एवं पीडियाट्रिक आईसीयू निर्माण को मिली स्वीकृति
- मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2026-27 के तहत 3.30 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी
बीकानेर, 11 मई। एसडीएम राजकीय जिला अस्पताल को शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2026-27 के तहत अस्पताल में नवीन शिशुरोग वार्ड एवं पीडियाट्रिक आईसीयू के निर्माण हेतु 3 करोड़ 30 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
विधायक जेठानन्द व्यास की अनुशंसा और प्रयासों से यह स्वीकृति मिली है। विधायक श्री व्यास द्वारा मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा को विशेष अनुरोध करते हुए जिला अस्पताल में शिशु रोग सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया गया था।
स्वीकृत राशि में से 1 करोड़ 80 लाख रुपये सिविल कार्यों के लिए तथा 1 करोड़ 50 लाख रुपये अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद हेतु स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही शिशुरोग आईसीयू के सुचारू संचालन के लिए सहायक आचार्य और सीनियर रेजिडेंट के दो-दो एवं नर्सिंग अधिकारियों के सात पद भी स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त जॉब बेसिस पर वार्ड बॉय के सातपदों की स्वीकृति भी जारी की गई है।
इस कार्य के पूर्ण होने के पूर्ण होने के बाद जिला अस्पताल में चौबीस घंटे शिशुरोग विशेषज्ञ उपलब्ध रह पाएंगे तथा गंभीर बच्चों को उच्च संस्थानों में रेफर करने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी। इसके साथ ही अस्पताल में एचडीयू एवं आईसीयू सुविधाओं के विकसित होने से गंभीर मरीजों का उपचार स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगा।
विधायक ने बताया कि नवीन शिशुरोग वार्ड एवं आईसीयू की स्वीकृति से जिला अस्पताल के एमसीएच ब्लॉक का सपना साकार होगा। प्रस्तावित परियोजना के तहत शिशुरोग विभाग में 25 सामान्य बेड, 10 बेड का एचडीयू तथा 5 बेड का आधुनिक आईसीयू विकसित किया जाएगा। यह निर्माण वर्तमान में संचालित एसएनसीयू वार्ड के ऊपर प्रथम तल पर किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व ही जिला अस्पताल को नए मेटरनिटी वार्ड एवं कॉटेज वार्ड के निर्माण हेतु डीएमएफटी से 1 करोड़ 50 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति भी प्राप्त हुई थी जिससे अस्पताल में नए मेटरनिटी वार्ड, लेबर रुम, ओपीडी और कॉटेज वार्ड का निर्माण करवाया जाएगा।
इन विकास कार्यों से बीकानेर शहर के अंदरूनी शहरी क्षेत्र के निवासियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी, वहीं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
विधायक जेठानंद व्यास ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का आभार जताया है।
=====
- विभिन्न विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए बजट घोषणाओं की जल्द क्रियान्विति सुनिश्चित करें- निशांत जैन, जिला कलेक्टर
- बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक में बोले जिला कलेक्टर निशांत जैन
बीकानेर, 11 मई। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारीगण आपसी समन्वय से कार्य करते हुए राज्य सरकार की बजट घोषणाओं की क्रियान्विति जल्द सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सरकार की बजट घोषणाओं के महत्व को समझें और आपसी तालमेल से कार्य जल्द करें।
जिला कलेक्टर ने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, गोपालन एवं डेयरी, नगरीय निकाय, कला एवं संस्कृति, ऊर्जा, जलदाय, सीएडी, सहकारिता, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार, वन एवं पर्यावरण, राज्य पथ परिवहन विभाग समेत
करीब एक दर्जन से अधिक विभागों की बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को बजट घोषणाओं से संबंधित कार्यों को जल्द पूर्ण करवाने हेतु निर्देशित किया।
पानी की आपूर्ति रहे सुचारू
जिला कलेक्टर ने जलदाय विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जलदाय विभाग के अधिकारीगण ये सुनिश्चित करें कि पानी की आपूर्ति सुचारू रहे। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नहर बंदी खत्म होने के बाद अब नहरों में 15-16 मई तक जिले में पूरा पानी पहुंच जाएगा।
गंगानगर रोड़ पर समता नगर में खुला नवीन उपकार विक्रय केन्द्र
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान डिप्टी रजिस्ट्रार ने बताया कि जिला सहकारी उपभोक्ता भंडार की तरफ से बजट घोषणा 2026-27 की अनुपालन में श्रीगंगानगर रोड़ पर समता नगर में नवीन उपहार विक्रय केन्द्र इसी साल 23 अप्रैल को शुरू कर दिया गया है। जहां कॉनफैड के मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण सामान उचित दामों पर मिल रहा है।
भूमि आवंटन से संबंधित घोषणाओं की भी जिला कलेक्टर ने की समीक्षा
जिला कलेक्टर ने इससे पूर्व पिछले तीन सालों की बजट घोषणाओं में भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए भूमि आवंटन से संबंधित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। एडीएम प्रशासन सुरेश कुमार यादव ने बताया कि वर्ष 2024-25 की बजट घोषणाओं में भूमि आवंटन से संबंधित 37 प्रकरणों में से 24 में भूमि आवंटन होने, 09 में भूमि आवंटन की आवश्यकता नहीं होने, 03 प्रकरण जिला व एक अन्य स्तर पर लंबित होने, वर्ष 2025-26 की बजट घोषणाओं में भूमि आवंटन से संबंधित 30 प्रकरणों में से 16 में भूमि आवंटन होने, 12 में भूमि आवंटन की आवश्यकता नहीं होने व 01 प्रकरण जिला व 01 अन्य स्तर पर लंबित होने व वर्ष 2026-27 की बजट घोषणाओं में भूमि आवंटन से संबंधित 15 मामलों में से 05 में भूमि आवंटन करने, 04 में भूमि आवंटन की आवश्यकता नहीं होने, 04 जिला व 02 अन्य स्तर पर लंबित होने की जानकारी दी।
पिछले तीन वर्षों की बजट घोषणाओं की प्रगति जानी
इससे पूर्व एडीएम प्रशासन श्री सुरेश कुमार यादव ने बताया कि वर्ष 2024-25 की बजट घोषणाओं के अंतर्गत 83 घोषणाओं में से 31 कार्य पूर्ण होने, 42 में कार्य प्रगति पर होने, 02 मामलों में कार्य शुरू नहीं होने और 07 घोषणाओं में प्रपोजल भेजने की जानकारी दी। इसी प्रकार वर्ष 2025-26 की कुल 101 बजट घोषणाओं में से 21 में कार्य पूर्ण होने, 55 प्रक्रियाधीन होने, 12 में कार्य शुरू नहीं होने और 13 में प्रपोजल भेज जाने और बजट घोषणा वर्ष 2026-27 में कुल 78 घोषणाओं में 02 पर कार्य प्रक्रियाधीन होने, 04 में कार्य शुरू नहीं होने, 65 में प्रपोजल भेजे जाने व 07 में अब तक कोई प्रक्रिया शुरू नहीं होने की जानकारी दी।
बैठक में नगर निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पालानिचामी ,सीईओ जिला परिषद सुश्री शैलजा पांडेय, एडीएम प्रशासन सुरेश कुमार यादव, एसीएम रणजीत बिजारणिया, एसीईओ श्रीमती प्रियंका तिलानिया समेत संबंधित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
==========
- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 : जिले के समस्त 57 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) सेंटर्स पर करवाया जा रहा योगाभ्यास
- जिले की सभी तहसील मुख्यालयों पर भी करवाया जा रहा योगाभ्यास आयोजन
- 2 मई से 20 जून तक 50 दिवसीय “योग दिवस काउंटडाउन” अभियान के तहत हो रहा आयोजन
- योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयुर्वेद विभाग द्वारा करवाया जा रहा योगाभ्यास
- जिले मुख्यालय पर विभिन्न पार्कों में भी आयोजित किया जा रहा है योगाभ्यास कार्यक्रम
- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम है “योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ”
बीकानेर, 11 मई 2026। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन को लेकर आयुर्वेद विभाग द्वारा जिले के समस्त 57 आयुष्मान आरोग्य मंदिर ( आयुष) सेंटर पर, जिले की सभी तहसील मुख्यालयों पर और जिला मुख्यालय के विभिन्न पार्कों में सुबह 7-8 बजे तक नियमित रूप से योग, प्राणायाम एवं ध्यान सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के विभागीय नोडल अधिकारी डॉ. पवन कुमार पारीक ने बताया कि जनमानस में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 2 मई से 20 जून तक 50 दिवसीय “योग दिवस काउंटडाउन” अभियान के तहत विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला मुख्यालय के विभिन्न पार्कों में हो रहा योगाभ्यास कार्यक्रम
उप निदेशक डॉ पारीक ने बताया कि जिले के तीन पार्कों खतूरिया कॉलोनी के सेक्टर 05 मेें स्थित दयानंद पार्क, मुक्ता प्रसाद कॉलोनी स्थित दादा-पोता पार्क, , मुरलीधर व्यास कॉलोनी स्थित भैंरूजी पार्क और योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र रानी बाजार में भी आयुर्वेद विभाग के एक्सपर्ट योग साधकों द्वारा योगाभ्यास करवाया जा रहा है। योग एक्सपर्ट एवं आयुष डॉ संतोष शेषमा द्वारा दयानंद पार्क में सुबह 6-8 बजे तक योगाभ्यास करवाया जा रहा है।
तहसील मुख्यालयों पर यहां करवाया जा रहा योगाभ्यास
डॉ पारीक ने बताया कि जिले के विभिन्न तहसीलों में जहां आयुर्वेद विभाग द्वारा योगाभ्यास करवाया जा रहा है उनमें लूणकरणसर में तेजा भवन, नोखा में नेहरू उद्यान पब्लिक पार्क, श्रीडूंगरगढ़ में राजकीय विद्यालय, खाजूवाला में रामदेव पार्क, कोलायत में कपिल मुनि घाट, पांचू में राजकीय आयुष आरोग्य मंदिर ( आयुष) , बज्जू में श्रीराम पब्लिक स्कूल, शिव मंदिर व सस्वती पब्लिक स्कूल, पूगल में जाट धर्मशाला शामिल है। इन स्थानों पर सुबह 7-8 बजे तक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम है “योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ”
उप निदेशक डॉ.पवन कुमार पारीक ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ ” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य मानव एवं प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करते हुए स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।उप निदेशक श्री पारीक ने बताया कि योग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है। 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जनभागीदारी के माध्यम से भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से जिलेभर में यह जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
======
पंच गौरव कार्यक्रम : समीक्षा बैठक मंगलवार को
बीकानेर, 11 मई। जिला कलक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में पंच गौरव कार्यक्रम के कार्यों की समीक्षा बैठक मंगलवार को दोपहर 12 बजे जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी।
इस दौरान आयुक्त नगर निगम, उपवन संरक्षक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, कृषि विस्तार, जिला परिषद, कृषि विपणन बोर्ड, पर्यटन विभाग, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग, कोषाधिकारी जिला कोष कार्यालय, जिला खेल अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका देशनोक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। यह जानकारी आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के संयुक्त निदेशक धर्मपाल सिंह खीचड़ ने दी।
============
- केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की बीकानेर को एक और सौगात
- जिले के 40 राजकीय विद्यालयों को मिलेंगे सवा करोड़ रुपए के स्मार्ट बोर्ड-फर्नीचर
- मेघवाल की पहल पर सीएसआर मद से हुडको करवाएगा उपलब्ध
- गुरुवार को केन्द्रीय मंत्री की मौजूदगी में शिक्षा विभाग को सौंपे जाएगे समस्त संसाधन
बीकानेर, 11 मई। केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बीकानेर को एक और सौगात देने जा रहे हैं। उनकी अनुशंसा और पहल पर जिले के 40 राजकीय विद्यालयों में डिजिटल कक्षा बोर्ड उपलब्ध करवाए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक विद्यालय के पचास-पचास विद्यार्थियों के लिए आरामदायक फर्नीचर (डयूल डेस्क) भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। केन्द्रीय मंत्री की अभिशंषा पर यह सभी व्यवस्थाएं आवास एवं शहरी विकास निगम (हुडको) द्वारा काॅरपोरेट सोशल रिसपोन्सिबिलिटी (सीएसआर) मद के तहत किया जाएगा। जिस पर लगभग सवा करोड़ रुपए व्यय होंगे।
केन्द्रीय मंत्री मेघवाल ने बताया कि जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया हों, इसके मद्देनजर यह पहल की गई है। इसके तहत प्रत्येक विद्यालय में 65 इंच का स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे बीकानेर संसदीय क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि डिजिटल बोर्ड से बच्चे अत्याधुनिक शिक्षा प्रणाली से जुड़ सकेंगे तथा पाठ्यक्रम को अधिक बेहतर तरीके से समझ पाएंगे।
प्रत्येक पंचायत समिति के विभिन्न स्कूलों को मिलेंगे स्मार्ट बोर्ड
मेघवाल ने बताया कि हुडको द्वारा जिले के 40 स्कूलों को यह सामग्री दी जाएगी। इसमें बीकानेर पंचायत समिति के दस, श्रीडूंगरगढ़ के सात, लूणकरणसर और कोलायत के छह-छह, खाजूवाला, नोखा के चार, पांचू और पूगल के दो-दो तथा बज्जू खालसा का एक विद्यालय सम्मिलित है।
गुरुवार को शिक्षा विभाग को करेंगे समर्पित
केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल 14 मई को यह सभी संसाधन शिक्षा विभाग को समर्पित करेंगे। इसके लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुजानदेसर में कार्यक्रम आयोजित होगा। जहां केन्द्रीय मंत्री द्वारा एक लैब का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही हुडको के अध्यक्ष संजय कुलश्रेष्ठ द्वारा यह संसाधन केन्द्रीय मंत्री की मौजूदगी में शिक्षा विभाग को सौंपे जाएंगे। इस दौरान सभी संबंधित विद्यालयों के संस्था प्रधान मौजूद रहेंगे।
=====
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में सोमनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गरिमामय मौजूदगी में जयपुर में भी हुआ कार्यक्रम
- बीकानेर के शिखरबंद महादेव मंदिर में हुआ आयोजन
बीकानेर, 11 मई। सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार सोमवार को देशव्यापी स्तर पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया गया।
देवस्थान विभाग द्वारा सोमनाथ मंदिर, गुजरात में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का सीधा प्रसारण किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में जयपुर के श्री झारखंड महादेव मंदिर में हुआ। इसके साथ ही प्रदेश के 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों में भी विशेष आयोजन किए गए। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सभी जिलों में किया गया।
शिखरबंद महादेव मंदिर में हुआ सीधा प्रसारण
जिला प्रशासन एवं देवस्थान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जूनागढ़ के सामने स्थित शिखरबंद महादेव मंदिर परिसर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का भव्य आयोजन किया गया।
इस दौरान जिला कलेक्टर निशांत जैन महाआरती में शामिल हुए। उन्होंने रुद्राभिषेक भी किया।
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने बताया कि ऋग्वेदीय रांकावत वेद पाठशाला के उपप्राचार्य शास्त्री पंडित यज्ञ प्रसाद शर्मा के आचार्यत्व में पांच वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा रुद्राभिषेक किया गया। परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्य एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इसी श्रृंखला में प्रसाद वितरण, फूलों की रंगोली और सजीव झांकी प्रस्तुत की गई।
ब्रह्म गायत्री शक्तिपीठ के अधिष्ठाता दाताश्री रामेश्वरानंद जी महाराज ने केंद्र सरकार की इस पहल की सराहना की। साथ ही आमजन को अपनी संस्कृति एवं धार्मिक स्थलों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
श्रीमती सुमन छाजेड़ ने सोमनाथ स्वाभिमान पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि सोमनाथ अब केवल एक पुनर्स्थापित मंदिर ही नहीं, बल्कि एक जीवंत तीर्थ के रूप में स्थापित है, जो मूल्यों, स्मृति और उत्तरदायित्व की निरंतर धारा का प्रतीक है। इस दौरान सोमनाथ स्वाभिमान पर्व से संबंधित पुस्तक का प्रदर्शन एवं वितरण भी किया गया।
मंदिर में भक्तों की भीड़, आध्यात्मिक ऊर्जा से गूंजा परिसर
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। सुबह से ही शिवालय में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। शंख, घंटा-घड़ियाल और मंत्रोच्चार की गूंज से वातावरण शिवमय हो गया। मंदिर को फूल-मालाओं और रंगोली से सजाया गया। वैदिक मंत्रों की ध्वनि से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा।गर्भगृह में चंदन-केसर से विशेष श्रृंगार किया गया।
इस दौरान डॉ.सत्य प्रकाश आचार्य, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रमेश देव, नगर निगम उपायुक्त यशपाल आहूजा, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त निदेशक सत्येंद्र सिंह राठौड़, निरीक्षक श्रीमती सोनिया रंगा, सहायक पर्यटन अधिकारी श्रीमती नेहा शेखावत सहित पर्यटन और देवस्थान विभाग के कार्मिक, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।
===
‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ पर राजस्थानी भाषा अकादमी की ओर से विशेष पूजा-अर्चना
बीकानेर, 11 मई। सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष एवं सोमनाथ के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व‘ के तहत राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी कार्मिकों द्वारा सोमवार को मुरलीधर व्यास काॅलोनी स्थित गोपालेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गयी। अकादमी सचिव शरद केवलिया ने बताया कि रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार व धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किये गये। इस अवसर पर पंडित चंचल व्यास, श्रीनिवास थानवी, केशव जोशी, कानसिंह, रामगोपाल मारू आदि उपस्थित थे।
========
- जिला कलेक्टर ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
- समस्त व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के दिए निर्देश
बीकानेर, 11मई। जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने सोमवार को एसडीएम राजकीय जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया।
जिला कलेक्टर ने अस्पताल के आपातकालीन वार्ड को देखा तथा यहां हीट वेव/हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। अस्पताल के आउटडोर की जानकारी ली तथा पंजीयन काउंटर के पास मरीजों और उनके परिजनों के बैठने के लिए अतिरिक्त बेंचेज लगाने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था पर अतिरिक्त ध्यान दिया जाए। उन्होंने नेत्र और ईएनटी ओपीडी का अवलोकन भी किया और यहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिला कलेक्टर ने प्रसूति वार्ड और संस्थागत प्रसव की जानकारी ली। इमरजेंसी वार्ड से जुड़े रिकॉर्ड का फीडबैक लिया। दवा वितरण केंद्र का अवलोकन करते हुए दवाओं की उपलब्धता के बारे में जाना। निःशुल्क जांचों की स्थिति की की समीक्षा की। जिला कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न वार्डाें का निरीक्षण किया और मरीजों से व्यवस्था सम्बंधी फीडबैक लिया। उन्होंने हीट वेव वार्ड भी देखा और यहां सभी आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि भीषण गर्मी के मद्देनजर अस्पताल परिसर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित हो। इस दौरान जिला कलेक्टर ने अस्पताल में नगर निगम द्वारा संचालित अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण किया। यहां प्रतिदिन बनने वाले भोजन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता बरकरार रखने के साथ परिसर की साफ-सफाई और बैठने की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने अस्पताल से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में बताया।
====
- राज्य की फ्लैगशिप योजनाओं का जिला कलेक्टर ने किया रिव्यू
- कुसुम योजना के सभी घटकों में जिले की रैंकिंग अच्छी
- सभी फ्लैगशिप योजनाओं में जिले की रैंकिंग सुधार के निर्देश
बीकानेर, 11 मई। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं और बजट घोषणाओं की क्रियान्विति को लेकर रिव्यू किया। कुल 13 फ्लैगशिप योजनाओं का रिव्यू करते हुए जिला कलेक्टर ने कम रैंक वाली योजनाओं में जिले की प्रगति में आगामी एक महीने में सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जिन 07 योजनाओं में जिले की प्रोग्रेस अच्छी है उन्हें संबंधित विभाग मेंटेन रखे। जिला कलेक्टर ने कहा कि फ्लैगशिप योजनाओं की क्रियान्विति में संबंधित विभाग जुटकर कार्य करें
कुसुम योजना के सभी घटकों में जिले की रैंकिंग अच्छी
जिला कलेक्टर ने कहा कि कुसुम योजना के सभी घटकों ए, बी व सी में जिले की रैंकिंग अच्छी चल रही है। साथ ही कहा कि योजना में प्रोग्रेस को बरकरार रखा जाए।
फ्लैगशिप योजनाओं में जिले की रैंकिंग सुधार के निर्देश
जिला कलेक्टर ने लाडो प्रोत्साहन योजना, पंच गौरव, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, स्वामित्व योजना, नवीन परिवारों को एनएफएसए से लाभान्वित करना, मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान में जिले की रैंकिंग पीछे होने पर इसमें आगामी जून माह के प्रथम सप्ताह तक रैंकिंग सुधार के निर्देश दिए। डीएसओ ने बताया कि एनएफएसए योजना अंतर्गत नए परिवारों को जोड़ने का कार्य लगातार चल रहा है। जिले की रैंकिंग में लगातार सुधार किया जा रहा है।
बैठक में नगर निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पालानिचामी ,सीईओ जिला परिषद सुश्री शैलजा पांडेय, एडीएम प्रशासन सुरेश कुमार यादव, एसीएम रणजीत बिजारणिया, एसीईओ श्रीमती प्रियंका तिलानिया समेत संबंधित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
==========
- जनगणना-2027: संभागीय जनगणना अधिकारी एवं संभागीय आयुक्त ने की जनगणना
- राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में प्रत्येक नागरिक निभाएं सकारात्मक भूमिका: संभागीय आयुक्त
बीकानेर, 11 मई। संभागीय जनगणना अधिकारी तथा संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने सोमवार को जनगणना-2027 के तहत स्वगणना की। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनगणना-2027 के प्रथम चरण में स्वगणना का कार्य 1 मई को प्रारम्भ हुआ है। यह 15 मई तक चलेगा। पहली बार आॅनलाइन प्लेटफाॅर्म पर यह कार्य हो रहा है। उन्होंने संभाग के चारों जिलों के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक राष्ट्रीय महत्त्व के इस कार्य में अपनी भागीदारी निभाएं तथा se.cencus.gov.in पर लाॅगइन कर स्वगणना करें। उन्होंने यह आह्वान भी किया है कि 16 मई से 14 जून तक घर-घर सर्वे के लिए आने वाले प्रगणकों को आवश्यक विवरण तथा एसई-आईडी उपलब्ध करवाएं, जिससे जनगणना का यह कार्य पूर्ण शुद्धता के साथ हो सके। उन्होंने सभी नागरिकों से समस्त जानकारियां सही-सही बताए जाने की अपील की है और विश्वास दिलाया है कि इस दौरान दी जाने वाली समस्त जानकारियां पूर्णतया गोपनीय रहेंगी।


