सीबीएसई 12वीं में श्री जैन पब्लिक स्कूल का दबदबा: शत-प्रतिशत रहा परिणाम, अभिनव बांठियाँ ने 98.40% अंकों के साथ जिले में लहराया परचम
सीबीएसई 12वीं में श्री जैन पब्लिक स्कूल का दबदबा: शत-प्रतिशत रहा परिणाम


श्री जैन पब्लिक स्कूल के 63 विद्यार्थियों ने हासिल किए 90% से अधिक अंक, मेधावी छात्रों का माल्यार्पण कर हुआ सम्मान


बीकानेर, 18 मई। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में बीकानेर के श्री जैन पब्लिक स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर न केवल संस्था, बल्कि अपने परिवारों का नाम भी पूरे संभाग में रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद सोमवार को विद्यालय परिसर में उत्साह और आनंद का माहौल देखने को मिला, जहां मेधावी छात्र-छात्राओं का भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।


इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में विद्यालय के वाणिज्य (Commerce) संकाय के छात्र अभिनव बांठियाँ ने 98.40 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, बल्कि जिले में भी सर्वाधिक अंक प्राप्त करने का गौरव प्राप्त किया। वहीं, कला (Arts) संकाय में दीक्षिता सिंह ने 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कला संकाय में ही सलोनी पुरोहित ने 94.2 प्रतिशत अंकों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय के कुल 63 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक और 103 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत (डिस्टिंक्शन) से अधिक अंक हासिल किए हैं। इसके अतिरिक्त, 29 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में 100 में से 100 अंक यानी ‘परफेक्ट स्कोर’ प्राप्त किया, जो स्कूल की उत्कृष्ट शिक्षण शैली को दर्शाता है।
सफलता के इस उल्लास को साझा करने के लिए विद्यालय परिसर में एक विशेष गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन, नवकार मंत्र के सामूहिक उच्चारण और शारदा वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर शाला के अध्यक्ष विजय कुमार कोचर और प्रबंध समिति के सदस्य निर्मल पारख ने सभी होनहार विद्यार्थियों को बधाई संदेश देते हुए उन्हें जीवन में निरंतर कड़ी मेहनत से उत्तरोत्तर प्रगति करने की प्रेरणा दी।
शाला सचिव माणक कोचर ने विद्यार्थियों को सफलता के मीठे फल की बधाई देते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का मंत्र दिया। वहीं, सी.ई.ओ. श्रीमती सीमा जैन ने परीक्षा परिणाम के लिए शिक्षकों और विद्यार्थियों के अथक और संयुक्त प्रयासों को सराहनीय बताया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रूपश्री सिपानी ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों की इस विशेष उपलब्धि का विवरण प्रस्तुत किया और उन्हें भविष्य में भी अपने शैक्षिक कौशल को निखारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान सभी मेधावी छात्र-छात्राओं का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया और मिठाई बांटकर खुशियां मनाई गईं। इस गौरवपूर्ण समारोह का सफल संचालन डॉ. ज्योति मिश्रा द्वारा किया गया।


