43वें पूजन अनुष्ठान के तहत निर्जला एकादशी पर ‘सनातन सेवामहादिवस”
43वें पूजन अनुष्ठान के तहत निर्जला एकादशी पर 'सनातन सेवामहादिवस


- लक्ष्मीनाथ मंदिर सहित 151 स्थानों पर होंगे दिव्य आयोजन
- 24 मई को स्वामी विमर्शानंद गिरि महाराज करेंगे बैनर और पोस्टर का विमोचन
बीकानेर, 23 मई। भारतीय संस्कृति एवं सनातन सार्वभौम महासभा, सनातन सेवा ग्रुप तथा श्री विप्र महासभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले 43वें पूजन अनुष्ठान के अंतर्गत इस वर्ष निर्जला एकादशी (25 जून 2026) को ‘सनातन सेवा महादिवस अनुष्ठान’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह दिव्य अनुष्ठान बीकानेर के नगर सेठ श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर सहित शहर व जिले के 151 से अधिक मंदिरों और प्रदेश भर के सभी जिला मुख्यालयों में एक साथ आयोजित होगा।


पंचामृत अभिषेक, सवा मन सेवइयों का भोग और सेवा कार्य


पूजन अनुष्ठान के साधक एवं भारतीय संस्कृति व सनातन सार्वभौम महासभा के अध्यक्ष और श्री विप्र महासभा के राष्ट्रीय संयोजक पंडित योगेन्द्र कुमार दाधीच की अगुवाई में यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होगा। इस महादिवस पर विभिन्न मंदिरों के पुजारियों, क्षेत्रवार नियुक्त प्रभारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों की सहभागिता रहेगी।
निर्जला एकादशी पर सभी चिन्हित मंदिरों में विशेष पूजन, भोग और पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। मुख्य अनुष्ठान नगर सेठ श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में आयोजित होगा, जहाँ भगवान को सवा मन सेवइयों का विशेष भोग अर्पित कर तुलसी-पंचामृत प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
सामाजिक सौहार्द और सेवा के विभिन्न प्रकल्प
जनमानस में आपसी सामाजिक सौहार्द, दान-पुण्य और सेवा के भाव जाग्रत करने के उद्देश्य से इस दिन व्यापक स्तर पर सेवा कार्य किए जाएंगे।
जल एवं शरबत सेवा: भीषण गर्मी को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर ठंडे पानी और शरबत की छबीलें लगाई जाएंगी।
गौ-सेवा व फलाहार: जिले भर में गौ-सेवा के साथ-साथ रैन बसेरों में असहाय लोगों के लिए फलाहार सेवा के अनुष्ठान होंगे।
विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री भेंट: दिव्य अनुष्ठान में विशेष रूप से पूजित पाटी, पोथी, कलम, बरता और माता सरस्वती की तस्वीर अध्ययनरत नौनिहालों व विद्यार्थियों को आशीर्वाद स्वरूप शुभ मुहूर्त में भेंट की जाएगी।
इस वृहद आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूरे प्रदेश और जिला स्तर पर सनातन स्त्री-पुरुषों की आयोजन समितियां व प्रभारी नियुक्त किए जा रहे हैं।
कल रविवार को होगा बैनर व पोस्टर का विमोचन
इस ‘सनातन सेवा महादिवस अनुष्ठान’ के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष बैनर और पोस्टर का विमोचन समारोह कल 24 मई 2026, रविवार को आयोजित किया जाएगा। यह विमोचन लालेश्वर महादेव मंदिर (शिवमठ, शिवबाड़ी, बीकानेर) के महंत स्वामी श्री विमर्शानंद गिरि महाराज के पावन सानिध्य में शिवबाड़ी मंदिर प्रांगण में संपन्न होगा।


