बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
STBA 5 JUNE 2026

नालबड़ी के विकास में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी – श्री मेघवाल
केंद्रीय मंत्री ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ, अटल प्रगति पथ का उद्घाटन

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

बीकानेर, 20 जून। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि नाल बड़ी सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नाल बड़ी में 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अटल प्रगति पथ तथा उप स्वास्थ्य केंद्र के क्रमोन्नयन से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाएं आमजन के लिए लाभकारी एवं राहतदायक सिद्ध होंगी।

pop ronak

मेघवाल शनिवार को नाल बड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुभारम्भ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। वहीं प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विद्युत तंत्र सुदृढ़ीकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। उन्होंने बताया कि नाल बड़ी के उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत किया गया है। वर्तमान में यह इसी भवन में संचालित होगा। शीघ्र ही नॉर्म्स के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन बनेगा। इसके नए भवन के निर्माण के लिए 1 करोड़ 45 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। भूमि चिन्हित कर अत्याधुनिक भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने नाल बड़ी में एक ट्यूबवेल बनवाने की घोषणा की। साथ ही एयरफोर्स के कुएं से नाल बड़ी को मीठा पेयजल उपलब्ध करवाने की दिशा में अगले 15 दिनों में सकारात्मक कार्रवाई का विश्वास दिलाया। उन्होंने कहा कि इसके लिए एयरफोर्स के उच्चाधिकारियों से चर्चा की जाएगी।

मेघवाल ने कहा कि प्रदेश में विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण की दिशा में व्यापक कार्य हुए हैं। बड़ी मात्रा में सौर ऊर्जा का उत्पादन किया जा रहा है तथा आरडीएसएस योजना के माध्यम से अनेक नए जीएसएस स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नाल बड़ी को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पर्याप्त संसाधन उपलब्ध करवाए गए हैं, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है।मेघवाल ने गांव के भोमियाजी मंदिर के विकास, यहां अलग से बालिका विद्यालय खुलवाने तथा तालाब के सुदृढ़ीकरण के लिए सीएसआर के तहत कार्य करवाने का विश्वास दिलाया। स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने बताया कि शीघ्र प्रारंभ होने वाली ई-बस सेवा की एक बस नाल एयरपोर्ट से संचालित की जाएगी।

खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि नाल बड़ी की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए 3 करोड़ 3 लाख रुपये स्वीकृत करवाए गए हैं। इसके तहत 5.5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन, टंकियां, पंप हाउस तथा अन्य आवश्यक ढांचागत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि छोटी नाल को अलग ग्राम पंचायत का दर्जा दिया जा चुका है। विधायक ने जलदाय एवं विद्युत निगम के अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।

श्रीडूंगरगढ़ विधायक  ताराचंद सारस्वत ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत लगभग 650 करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत हैं। श्याम पंचारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष विकास, विश्वास, सुशासन और जनकल्याण के रहे हैं। देश ने विकास की नई रफ्तार पकड़ी है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर पुखराज साध ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं के बारे में बताया। साथ ही जिले में चिकित्सा के क्षेत्र में हुए कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में पूर्व सरपंच सोहनलाल बैद ने आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित अन्य अतिथियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, चंपालाल गैदर, संतोषानंद महाराज, डॉ. लता चंदन, मोहन सिंह, श्याम सिंह हाड़ला, कुंभनाथ सिद्ध, संपत पारीक, श्रीकिशन गोदारा, कमल गहलोत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अटल प्रगति पथ का किया लोकार्पण
केंद्रीय मंत्री और खाजूवाला विधायक ने मुख्यमंत्री बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत स्काई बर्ड से पृथ्वीराज सर्किल होते हुए पुराना पटवारघर होते हुए मैन हाइवे एनएच-11 तक बने अटल प्रगति पथ का लोकार्पण किया। 1.6 किलोमीटर लंबे पथ के निर्माण पर 2 करोड़ रुपए व्यय हुए हैं। श्री मेघवाल सहित समस्त अतिथि इस पथ पर पैदल चले।
=====
शहरी सेवा शिविर में आवासन मंडल की विशेष छूट योजना से मिली बड़ी राहत

बीकानेर, 20 जून। राजस्थान आवासन मंडल, वृत्त-बीकानेर द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 के तहत आमजन को विभिन्न सेवाओं का त्वरित लाभ प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में श्रीमती शोभा देवी खत्री को आवासन मंडल की विशेष छूट योजना के अंतर्गत बड़ी राहत मिली।

श्रीमती शोभा देवी खत्री ने अपने आवास संख्या 12/270, मुक्ताप्रसाद नगर से संबंधित बकाया राशि के निस्तारण हेतु शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया था। प्रकरण की जांच एवं नियमानुसार कार्यवाही के बाद उन्हें राजस्थान आवासन मंडल की विशेष छूट योजना का लाभ प्रदान किया गया। योजना के तहत श्रीमती खत्री को कुल 2 लाख 58 हजार 594 रुपये की छूट स्वीकृत की गई। इससे उनकी कुल बकाया राशि 3 लाख 6 हजार 966 रुपये से घटकर मात्र 78 हजार 450 रुपये रह गई। उप आवासन आयुक्त, वृत्त-बीकानेर द्वारा शिविर के दौरान उन्हें विशेष छूट योजना का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। शिविर में प्रकरण का त्वरित निस्तारण होने पर श्रीमती शोभा देवी खत्री ने राजस्थान सरकार एवं राजस्थान आवासन मंडल का आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से नागरिकों की लंबित समस्याओं का समाधान करते हुए विभिन्न योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे आमजन को राहत मिलने के साथ सरकारी सेवाओं के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
=====
शहरी सेवा शिविर में आवास नामांतरण प्रकरण का हुआ त्वरित निस्तारण

बीकानेर, 20 जून। राजस्थान आवासन मंडल, वृत्त-बीकानेर द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसी क्रम में पवनपुरी निवासी श्रीमती एकता पत्नी दिनेश कुमार मोदी के आवास संबंधी नामांतरण प्रकरण का निस्तारण किया गया।

शिविर के दौरान श्रीमती एकता ने अपने आवास के नामांतरण की स्वीकृति हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। प्रकरण की जांच एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद राजस्थान आवासन मंडल द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नामांतरण को स्वीकृति प्रदान कर दी गई।

उप आवासन आयुक्त, वृत्त-बीकानेर की ओर से शिविर में श्रीमती एकता को नामांतरण स्वीकृति पत्र सौंपा गया। इससे संबंधित आवास का स्वामित्व विधिवत रूप से उनके नाम हस्तांतरित हो गया।

शिविर के माध्यम से प्रकरण का त्वरित निस्तारण होने पर श्रीमती एकता ने राजस्थान सरकार एवं राजस्थान आवासन मंडल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविर आमजन को राहत प्रदान करने और सरकारी सेवाओं को सरल एवं सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित शहरी सेवा शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों को एक ही स्थान पर त्वरित सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे लोगों को समय पर राहत मिल रही है।
====
योग दिवस पर विद्यार्थियों के आवागमन हेतु की गई विशेष परिवहन व्यवस्था

20 बस प्वाइंटों से रवाना होंगे विद्यार्थी, प्रातः 5:30 बजे तक स्टेडियम पहुंचना होगा अनिवार्य

बीकानेर, 19 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के जिला स्तरीय मुख्य समारोह के सफल आयोजन के लिए जिला कलेक्टर निशांत जैन के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक किशन दान चारण द्वारा विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ के आवागमन हेतु विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 20 बस प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं, जहां से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम तक पहुंचाया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी चारण ने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय योग दिवस समारोह में बीकानेर शहर के विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी तथा स्टाफ बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा समन्वित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

आवागमन व्यवस्था के तहत सभी बसें अपने-अपने निर्धारित बस प्वाइंट पर प्रातः 5 बजे उपलब्ध रहेंगी। संबंधित संस्था प्रधानों, नोडल अधिकारियों एवं बस प्वाइंट प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों एवं स्टाफ को समय पर बसों में बैठाकर रवाना करें। सभी प्रतिभागियों को प्रातः 5:30 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम पहुंचना अनिवार्य होगा।

शिक्षा विभाग ने सभी संस्था प्रधानों से विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा परिवहन व्यवस्था का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार हजारों विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता से आयोजित यह कार्यक्रम योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देगा।

इन 20 स्थानों से संचालित होंगी बसें

चारण ने बताया कि परिवहन व्यवस्था के तहत राजस्थानी साहित्य अकादमी, मुरलीधर व्यास कॉलोनी चौराहा (करमीसर रोड), जवाहर पार्क राम मंदिर (गजनेर रोड), गोकुल सर्किल (नत्थूसर गेट), एम.एम. ग्राउंड के पास, दीनदयाल सामुदायिक भवन (मुक्ताप्रसाद नगर), लालेश्वर महादेव मंदिर (शिवमठ, शिवबाड़ी), राजीव गांधी मार्ग (फोर्ट स्कूल मैदान के पास), रामदेवजी मंदिर (सूजानदेसर), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गौशाला के पास (भीनासर), राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय करनाणी (गंगाशहर), रावमल बोथरा बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (गंगाशहर), लालगढ़ रेलवे स्टेशन के पास, जैन पब्लिक स्कूल के पास (गंगाशहर रोड), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (जस्सूसर गेट), धरनीधर महादेव मंदिर के पास (श्रीरामसर रोड), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीएसएफ कैम्पस के पास, सेठ तोलाराम बाफना उच्च माध्यमिक विद्यालय (गंगाशहर), जस्सूसर गेट के अंदर शिव शक्ति गैस एजेंसी के पास, सुभाष पेट्रोल पंप के पास (जयपुर रोड) तथा आरएसवी हायर सेकेंडरी जेएनवी को बस प्वाइंट के रूप में निर्धारित किया गया है।

विभाग ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व संबंधित बस प्वाइंट पर पहुंचकर योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करें।
===
भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स से किया संवाद

सभी बीएलओ मेरे परिवार का हिस्सा, लोकतंत्र की सफलता में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण” – मुख्य निर्वाचन आयुक्त

12 राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों में एसआईआर में राजस्थान को प्रथम लाने में बीएलओ की रही अहम भूमिका – मुख्य निर्वाचन आयुक्त

जयपुर, 20 जून। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने शनिवार को सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित बीएलओ संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के लगभग 700 बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजर्स से संवाद किया। कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने कहा कि हमारे बीएलओ के मेहनत का ही परिणाम रहा कि हम एसआईआर का कार्य तय समय से 7 दिन पूर्व संपन्न कर पाएं।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने अपने उद्बोधन की शुरुआत राजस्थानी परंपरा के अनुरूप “खम्मा घणी” कहकर की। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ उनके परिवार का हिस्सा हैं और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के आधार है। 12 राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों में हुए एसआईआर में राजस्थान को प्रथम लाने में यहां के बीएलओ की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारत में सभी चुनाव संविधान और विधि के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न होते हैं।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि भारत इस वर्ष लोकतांत्रिक देशों के वैश्विक संगठन IDEA- इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल असिस्टेंस की अध्यक्षता कर रहा है। यह संगठन विश्व के सभी देशों में स्थायी, सशक्त और समावेशी लोकतंत्र को बढ़ावा देने वाली संस्था है।उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में चुनावों में मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि देश के नागरिकों का लोकतांत्रिक प्रक्रिया एवं निर्वाचन आयोग पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के सफल संचालन में बीएलओ की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें अतिरिक्त मानदेय प्रदान किए जाने के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के कार्यों की सफलता का आधार जमीनी स्तर पर कार्यरत बीएलओ ही हैं।
उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में निर्वाचन आयोग एक संस्थागत ढांचे के रूप में कार्य करता है, किंतु चुनावों के दौरान लगभग 1.80 करोड़ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भागीदारी के साथ यह विश्व की सबसे बड़ी चुनावी संस्था बन जाता है। इस विशाल व्यवस्था में बीएलओ सबसे आधारभूत और महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जो निर्वाचन आयोग और मतदाताओं के बीच सेतु का कार्य करते हैं।
संवाद कार्यक्रम के दौरान बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स ने निर्वाचन संबंधी विभिन्न अनुभव साझा किए तथा निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में सुझाव भी दिए। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी अधिकारियों से मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता तथा समावेशिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा किए गए बीएलओ संवाद से चुनाव प्रक्रिय को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी कराने में बीएलओ को नयी दिशा मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि बूथ लेवल अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया की आधारभूत इकाई के रूप में कार्य करते हैं। मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता पहचान संबंधी सत्यापन तथा निर्वाचन आयोग की विभिन्न गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का यह संवाद कार्यक्रम निर्वाचन तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

गौरतलब है कि राजस्थान एसआईआर के विभिन्न चरणों में तत्समय चल रहे 12 राज्यों व केन्द्रशासित प्रदेशों में अग्रणी रहा। एसआईआर प्रारंभ होने से पूर्व ही 70 प्रतिशत मैपिंग तथा एसआईआर के दौरान 98 प्रतिशत तक मैपिंग कर राज्य ने देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजस्थान में 27 अक्टूबर 2025 से एसआईआर प्रारंभ हुआ। गणना चरण की शुरूआत 4 नवंबर 2025 से हुयी। मतदाता सूचियों के प्रारूप का प्रकाशन 16 दिसंबर 2025 का हुआ। अंता विधानसभा को छोडकर 199 विधानसभाओँ की मतदाता सूचियों का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को हुआ।

राजस्थान में एसआईआर के उपरांत अंतिम मतदाता सूची में अंता विधानसभा को शामिल करने के उपरांत मतदातओं की कुल संख्य़ा 5.17 करोड़ रही। 52,490 बूथ स्तरीय अधिकारियों के अथक प्रयासों से 5.48 करोड़ मतदाताओं के लिए एसआईआर का कार्य समय से पूर्व सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

========

केंद्रीय कानून मंत्री ने एनएलसी अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, लिग्नाइट गैसीफिकेशन की संभावनाओं पर हुई चर्चा

गैसीफिकेशन से सेरेमिक और फर्टिलाइजर क्षेत्र का हब बनेगा बीकानेर, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार : अर्जुन राम मेघवाल

बीकानेर, 20 जून। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर में लिग्नाइट गैसीफिकेशन की अपार संभावनाएं हैं। इस परियोजना के मूर्त रूप लेने पर क्षेत्र में सेरेमिक एवं फर्टिलाइजर उद्योगों का विकास होगा तथा 10 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

मेघवाल ने शनिवार को बरसिंहसर स्थित थर्मल पावर स्टेशन में एनएलसी इंडिया लिमिटेड के अधिकारियों के साथ बैठक कर लिग्नाइट गैसीफिकेशन की संभावनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देशभर में कोल गैसीफिकेशन को बढ़ावा देने के लिए वृहद स्तर पर कार्य किया जा रहा है। बीकानेर एवं आसपास के क्षेत्रों में लिग्नाइट के प्रचुर भंडार उपलब्ध हैं, जिससे यहां गैसीफिकेशन परियोजना की संभावनाएं और अधिक मजबूत होती हैं।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा बरसिंहसर क्षेत्र में प्रतिवर्ष लगभग 6 लाख टन लिग्नाइट के गैसीफिकेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की है तथा विभिन्न स्तरों पर आवश्यक पत्राचार भी किया गया है।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने एनएलसी अधिकारियों से इस दिशा में अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि एनएलसी द्वारा शीघ्र ही एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) जारी कर परियोजना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गैसीफिकेशन के माध्यम से उत्पादित गैस के आधार पर बीकानेर में सेरेमिक एवं फर्टिलाइजर उद्योगों का विस्तार संभव होगा, जिससे क्षेत्र औद्योगिक विकास का नया केंद्र बन सकेगा।

मेघवाल ने थर्मल पावर स्टेशन, लिग्नाइट खनन एवं सोलर ऊर्जा परियोजनाओं की भी समीक्षा की तथा इनके संचालन में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्लांट के आगामी विकास कार्यों एवं प्रस्तावित परियोजनाओं पर भी चर्चा की।

बैठक में केंद्रीय मंत्री ने बीकानेर के लिग्नाइट इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1896 में पलाना गांव में एक कुआं खोदते समय पहली बार लिग्नाइट की पहचान हुई थी तथा वर्ष 1898 में यहां भूमिगत खनन प्रारंभ किया गया। यह देश की प्रारंभिक लिग्नाइट खदानों में से एक थी। उन्होंने इस ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 37,500 करोड़ रुपये की कोल एवं लिग्नाइट गैसीफिकेशन प्रोत्साहन योजना को मंजूरी दी गई है। इस योजना का उद्देश्य देश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना, आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करना तथा कोयले एवं लिग्नाइट के मूल्यवर्धित उपयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह योजना बीकानेर जैसे लिग्नाइट समृद्ध क्षेत्रों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।

बैठक में एनएलसी के प्रोजेक्ट हेड तथा एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर एस विजय कुमार सहित समस्त विभागाध्यक्ष जुड़े। वहीं चेन्नई से राजकुमार सहित अन्य अधिकारी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े
=====
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त वितरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

जिले के 1 लाख 82 हजार किसानों को 36 करोड़ 33 लाख की राशि की गई हस्तारित

मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल रहे मौजूद

पीएम किसान निधि योजना में जिले के अन्य किसानों को भी जोड़ने हेतु कहा

बीकानेर, 20 जून। भाकृअनुप-केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान (CIAH) बीछवाल में शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि हस्तांतरित करने के राष्ट्रीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।

इस अवसर पर केन्द्रीय विधि एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) व संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर निशांत जैन, श्याम पंचारिया, श्रीमती सुमन छाजेड़, चंपालाल गेदर, एसडीएम बीकानेर (आईएएस) सुश्री महिमा कसाना, संस्थान के निदेशक डॉ. जगदीश राणे, प्रधान वैज्ञानिक डॉ डी.के.समादिया, डॉ शिव राम मीणा, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ मुकेश बेरवाल, एमडी सीसीबी श्री मोहम्मद फारूक, कृषि विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत, संतोषानंद महाराज सहित अनेक गणमान्य नागरिक, कृषि वैज्ञानिक, प्रगतिशील किसान व अन्य किसान मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के रूप में जिले के 1 लाख 82 हजार किसानों को 36 करोड़ 33 लाख की राशि हस्तारित की गई। साथ ही कहा कि जिले में पीएम किसान निधि योजना से लाभान्वित होने वाले किसानों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही कहा कि संस्थान शुष्क एवं अर्ध-शुष्क क्षेत्रों में बागवानी फसलों के विकास और किसानों की आय बढ़ाने के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया तथा बाजरा, सांगरी, केर और टिंडा जैसी फसलों के उत्पादन एवं मूल्य संवर्धन की संभावनाओं पर भी कार्य करने हेतु कहा।

श्याम पंचारिया और श्रीमती सुमन छाजेड़ ने अपने संबोधन में कहा कि आज रासायनिक खादों के अंधाधुंध प्रयोग को कम कर प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की जरूरत है। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. धुरेंद्र सिंह द्वारा अतिथियों एवं किसानों के स्वागत के साथ किया गया।

संस्थान के निदेशक डॉ. जगदीश राणे ने संस्थान की उपलब्धियों, विकसित तकनीकों तथा पिछले तीन दशकों में शुष्क बागवानी के क्षेत्र में किए गए शोध कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा विकसित तकनीकों से किसानों को बेहतर उत्पादन और आय वृद्धि में सहायता मिल रही है।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान द्वारा विकसित उन्नत कृषि तकनीकों एवं नवाचारों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अवलोकन केंद्रीय मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने किया। साथ ही संस्थान के नवस्थापित कृषि प्रौद्योगिकी सूचना केंद्र का निरीक्षण भी किया गया। मंत्री मेघवाल ने “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत प्रकृति खेती को बढ़ावा देने तथा प्लास्टिक एवं रासायनिक कचरे के उचित प्रबंधन की आवश्यकता पर भी बल दिया।अंत में डॉ.धुरेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के विभिन्न कृषि एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।

============

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस- केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव की प्रस्तावित उपस्थिति के मद्देनजर दिए आवश्यक निर्देश

योग दिवस के भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

डॉ करणी सिंह स्टेडियम में रविवार को सुबह 6 से 8 बजे तक आयोजित होगा जिला स्तरीय समारोह

बीकानेर, 20 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियां का जायजा लेने के लिए शनिवार सायं केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल स्टेडियम पहुंचे। मेघवाल के विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की प्रस्तावित उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव गोविल, नगर निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी, एडीएम प्रशासन उम्मेद सिंह रतनू, एसडीएम बीकानेर सुश्री महिमा कसाना, बीडीए उपायुक्त कुणाल राहड़, आयुष विभाग के उप निदेशक डॉ पवन पारीक, डॉ रिड़मल सिंह राठौड़, डॉ इरशाद रफीक, जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष समेत निगम, बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने समारोह स्थल पर मंच व्यवस्था, प्रतिभागियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का अभियान है। ऐसे में कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं उत्कृष्ट और सुव्यवस्थित होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले हजारों योग साधकों, विद्यार्थियों, आमजन एवं विशिष्ट अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। विशेष रूप से केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव की प्रस्तावित उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला कलक्टर निशांत जैन ने बताया कि योग दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रत्येक व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। इसके साथ ही जिला मुख्यालय, सभी ब्लॉक (उपखंड) मुख्यालयों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वहीं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर पुख्ता व्यवस्था की गई है। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन कुमार पारीक ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ”योगा फॉर हेल्दी एजिंग” निर्धारित की गई है।

पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी होंगे विशेष योग कार्यक्रम

डॉ. पारीक ने बताया कि पिछले वर्ष पुनरासर, देशनोक और कोलायत जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इस बार धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए मुकाम मंदिर तथा कोडमदेसर मंदिर को भी इस अभियान से जोड़ा गया है। इस प्रकार जिले के पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिकाधिक श्रद्धालुओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

============

sesumo school
sjps