राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) का जिला अधिवेशन संपन्न; महेन्द्रपाल भंवरिया जिलाध्यक्ष व हेमेंद्र बाना चुने गए जिला मंत्री
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन



बीकानेर, 22 जून । राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) जिला शाखा बीकानेर का विशेष वार्षिक जिला अधिवेशन सोमवार को पंचशती सर्किल स्थित लॉयंस क्लब में अत्यंत उत्साह और सांगठनिक एकजुटता के साथ आयोजित किया गया। इस विशेष अधिवेशन में बीकानेर जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। अधिवेशन के दौरान जहां एक ओर शिक्षक हितों और सार्वजनिक शिक्षा को बचाने के संकल्प के साथ नवीन कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया, वहीं दूसरी ओर कलेक्ट्रेट पर उग्र प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।


अधिवेशन के प्रथम सत्र में शिक्षक कर्मचारियों के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर गहन मंथन हुआ और कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। शिक्षक नेताओं ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण तुरंत खोलने, बकाया पदोन्नतियां करने, संविदा कार्मिकों का नियमितीकरण करने, पे-प्रोटेक्शन और शिक्षकों को बीएलओ सहित अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों से पूर्णतः मुक्त रखने की पुरजोर मांग उठाई। वरिष्ठ कर्मचारी नेता सोहनलाल गोदारा ने शिक्षा और शिक्षार्थी के हितों के लिए संघर्ष का आह्वान किया, वहीं अध्यक्षता कर रहे आदूराम मेघवाल ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के साथ हो रहे भेदभाव की तीखी आलोचना की। शिक्षक नेता शिवशंकर गोदारा ने नव क्रमोन्नत विद्यालयों में नए पद सृजित करने की मांग रखी। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन के प्रदेशाध्यक्ष के.आर. सियाग ने TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) को भूतलक्षी प्रभाव से लागू करने को नीतिगत रूप से गलत बताते हुए अनुभवी शिक्षकों को इससे मुक्त रखने की वकालत की। वरिष्ठ नेता भंवरलाल पोटलिया ने भी इस चुनौतीपूर्ण दौर में सार्वजनिक शिक्षा के ढांचे को मजबूत करने की अपील की। मांगों का समय पर निराकरण न होने की स्थिति में संगठन ने राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने का शंखनाद किया।


अधिवेशन के द्वितीय सत्र में चुनाव अधिकारी बालाराम मेघवाल एवं पर्यवेक्षक सोहनलाल गोदारा के सानिध्य में सत्र 2026-27 के लिए नवीन जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ। इसमें महेन्द्रपाल भंवरिया को नया जिलाध्यक्ष तथा हेमेंद्र कुमार बाना को जिला मंत्री चुना गया। इनके साथ ही राजेश तर्ड को सभाध्यक्ष, राजूराम सोलंकी को संघर्ष समिति का संयोजक और गणेश चौधरी को जिला कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वरिष्ठ नेता सोहनलाल गोदारा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस पूरे सांगठनिक सत्र का सफल संचालन पांचू ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास गोदारा द्वारा किया गया।
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
नवीन कार्यकारिणी के निर्वाचन के तुरंत बाद लॉयंस क्लब से रवाना होकर सैकड़ों की संख्या में शिक्षकों ने जिला कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर पहुंचकर जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने जिला कलेक्टर के मार्फत माननीय मुख्यमंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन प्रेषित कर मुख्य रूप से तृतीय श्रेणी अध्यापकों के तबादलों से प्रतिबंध हटाने और उन्हें TET की अनिवार्यता से मुक्त रखने की मांग की। इसके पश्चात शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक से भी शिष्टाचार मुलाकात की और स्थानीय स्तर की विभिन्न समस्याओं व शिक्षक वर्ग की मांगों से अवगत करवाते हुए उनके शीघ्र निस्तारण का आग्रह किया।
इस भव्य जिला अधिवेशन में सीताराम सिद्ध, सोहनलाल कूकना, हरिराम साहू, मोहम्मद हारून कुरैशी, जसविंदर सिंह, कानाराम मांझू, भरतराम सिद्धू, दानाराम डेलू, कैलाश चौधरी, लियाकत अली, जगदीश नाई, राजेश झुरिया, मांगीलाल सुथार, प्रदीप कुमार बिजारणियां, देवकिशन जाखड़, इलमुद्दीन खिलजी, रामकुमार बामणिया, मनोजकुमार शर्मा, महिपाल सिंह राठौड़, राजेंद्र घिंटाला, अरुण बारूपाल, कौशल्या चौधरी, उमा अग्रवाल, पुष्पा जांगिड़, सुनीता चौधरी, मीनाक्षी सांखला, सूरज कुमावत, विजय सिंह यादव, हेमलता गहलोत, संदीप कुमार शर्मा, सलीम मोहम्मद, मयंक स्वामी, रणजीत सिंह, राजेंद्र कूकना, प्रवीण शेखावत, प्रधानाचार्य मांगीलाल मुंड, गोपीराम विश्नोई और गायत्री राजपूत सहित बीकानेर जिले के सैकड़ों शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।


