बीकानेर में ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत 25 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त
पंजाब से गुजरात जा रही थी खेप, एस्कॉर्ट कर रही फॉर्च्यूनर समेत आरोपी गिरफ्तार


- पंजाब से गुजरात जा रही थी खेप, एस्कॉर्ट कर रही फॉर्च्यूनर समेत आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर, 9 अगस्त। बीकानेर जिले में अवैध मादक पदार्थों और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत महाजन थाना पुलिस ने रविवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर जैतपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने 465 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक कैंटर पकड़ा है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।


एस्कॉर्ट कर रही फॉर्च्यूनर भी पकड़ी गई
पुलिस कार्रवाई के दौरान शराब से भरे कैंटर को आगे-आगे एस्कॉर्ट कर रही एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने एस्कॉर्ट वाहन में सवार सतपाल उर्फ नैना और सुशील कुमार को दस्तयाब किया है।


लोहावट निवासी तस्कर गिरफ्तार
कैंटर से चंडीगढ़ निर्मित 465 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर चालक दिनेश कुमार (45 वर्ष) पुत्र शंकरराम विश्नोई (निवासी पीलवा, थाना लोहावट, जिला फलोदी) को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह बड़ी खेप पंजाब से गुजरात तस्करी कर ले जाई जा रही थी।
यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी भजनलाल लावा के निर्देशन में अंजाम दी गई, जिसमें कांस्टेबल अजय की विशेष भूमिका रही। टीम में अनूप सिंह, पृथ्वीराज, दीपक, राजाराम, पूनमचंद और सुभाष शामिल रहे। पुलिस फिलहाल आरोपियों से शराब के मुख्य सप्लायर और गुजरात नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।


