बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार


- राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026
- शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से 11 अगस्त की मध्यरात्रि तक किए जा सकेंगे आवेदन
बीकानेर, 9 अगस्त। शिक्षा विभाग में अध्ययन-अध्यापन की उत्कृष्टता में निरंतर सुधार एवं शिक्षकों को प्रोत्साहित करने तथा पात्र शिक्षकों के चयन में पूर्ण पारदर्शिता के साथ प्रत्येक श्रेणी के शिक्षकों को सम्मान एवं पुरस्कार चयन में समान अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला एवं राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए पात्र शिक्षक शाला दर्पण के माध्यम से प्रक्रिया से 11अगस्त की मध्यरात्रि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन 5 सितंबर 2026 को किया जाएगा।


राज्य स्तर पर कक्षा वर्गानुसार—कक्षा 1 से 5, कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12—समेकित मेरिट के आधार पर प्रत्येक कक्षा वर्ग से 22 शिक्षकों का चयन किया जाएगा। इस प्रकार तीनों कक्षा वर्गों से कुल 66 शिक्षकों का चयन होगा।


इसी प्रकार जिला स्तर पर प्रत्येक जिले से प्रत्येक कक्षा वर्गानुसार एक-एक शिक्षक का चयन किया जाएगा। कुल 41 जिलों से तीन कक्षा वर्गों के अनुसार 123 शिक्षकों का चयन किया जाएगा।
पांच वर्ष का नियमित अध्यापन अनुभव अनिवार्य
आवेदन के लिए शिक्षक का नियमित रूप से कम से कम पांच वर्ष का अध्यापन अनुभव होना आवश्यक है। वहीं 25 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले आवेदक राज्य अथवा जिला स्तर पर चयन के लिए पात्र नहीं होंगे।
राज्य स्तर पर चयनित एवं पुरस्कृत शिक्षकों को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में प्रदान किए जाएंगे। वहीं जिला स्तर पर चयनित शिक्षकों को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र जिला स्तरीय सम्मान समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
===============
- सरकारी स्कूलों से दसवीं-बारहवीं उत्तीर्ण बेटियों को छात्रवृत्ति के रूप में मिलेंगे तीस हजार
- अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की पहल, सोमवार से होंगे ऑनलाइन आवेदन
- विधायक जेठानंद व्यास ने पोस्टर का किया विमोचन
बीकानेर, 9 अगस्त। सरकारी स्कूल से दसवीं और बारहवीं उत्तीर्ण करने वाली बेटियों को अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा छात्रवृत्ति के रूप में तीस हजार रुपए दिए जाएंगे। योजना के पोस्टर का विमोचन शनिवार को बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका अधिकाधिक लाभ छात्राओं तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे बेटियों को संबल मिलेगा तथा वे और अधिक बेहतर परिणाम दे पाएंगी। उन्होंने फाउंडेशन के सामाजिक सरोकारों के अन्य कार्यों के बारे में चर्चा की और कहा कि अधिक से अधिक बेटियों को इसका लाभ दिलाएं।
अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के डॉ. रविंद्र मारू ने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 से 31 अगस्त 2026 तक संचालित होगी। चयनित छात्राओं को स्नातक अथवा डिप्लोमा के दौरान 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। राजस्थान में इस वर्ष 35 हजार से अधिक छात्राओं को इस छात्रवृत्ति का लाभ देने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में वर्ष 2024-25 में प्रदेश की 5 हजार 214 तथा वर्ष 2025-26 में 22 हजार 714 छात्राओं का चयन इस योजना के तहत हुआ था। छात्राएं 10 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। आवेदन का दूसरा चरण 10 जनवरी 2027 से 31 जनवरी 2027 तक चलेगा।
छात्रवृत्ति की यह रहेगी पात्रता
छात्रा ने दसवीं एवं बारहवीं कक्षा सरकारी विद्यालय से नियमित विद्यार्थी के रूप में उत्तीर्ण की हो। साथ ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी भी राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त निजी महाविद्यालय अथवा विश्वविद्यालय में दो से पांच वर्ष अवधि के मान्यता प्राप्त स्नातक अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया हो। इस छात्रवृत्ति के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं है। इस दौरान उपनिदेशक (जनसंपर्क) हरि शंकर आचार्य मौजूद रहे।
================
- हर घर तिरंगा’ अभियान का प्रभात फेरी से आगाज
- बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं शहरवासियों ने लिया हिस्सा
बीकानेर, 9 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार को ज़िला मुख्यालय पर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर निशान्त जैन प्रभात फेरी में शामिल हुए। श्रीमती सुमन छाजेड़, सत्य प्रकाश आचार्य, अशोक प्रजापत, श्याम सिंह हाडला, चंपा लाल गेधर, मुकेश ओझा, श्रीमती सुनीता हटीला, श्रीमती राधा खत्री, रामकुमार व्यास, राजाराम सिगड़ समेत अन्य जनप्रतिनिधि, सीईओ ज़िला श्रीमती शैलजा पांडेय, निगम और बीडीए कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी, एसडीएम बीकानेर आईएएस सुश्री महिमा कसाना, आईएएस मनु गर्ग, प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान के वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी नितिन गोयल, सीडीईओ महेंद्र शर्मा डीईओ माध्यमिक राम गोपाल शर्मा डीईओ प्रारंभिक केडी चारण, एसीईओ श्रीमती ऋतुराज महला, राजीविका डीपीएम दिनेश कुमार मिश्रा, ज़िला परिषद आईईसी कॉर्डिनेटर गोपाल जोशी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ डिस्ट्रिक्ट रन क्लब, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभात फेरी महारानी कन्या विद्यालय से रवाना होकर एम.एन. हॉस्पिटल, हनुमान हत्था एवं जूनागढ़ होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों एवं राष्ट्रप्रेम के संदेशों के साथ आमजन को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता करने तथा अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
9 से 17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन
जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिला, नगरीय निकाय, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
10 अगस्त को दोपहर 1 बजे ‘तिरंगा बाइक, ई-बाइक एवं साइकिल रैली’ आयोजित होगी। यह रैली अंबेडकर सर्किल से गांधी पार्क होते हुए जिला कलेक्ट्रेट तक जाएगी।
11 एवं 12 अगस्त को जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में सुबह 9 से शाम 6 बजे तक ‘तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले’ का आयोजन होगा। इसमें तिरंगे के महत्व पर आधारित फोटो एवं वीडियो प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, हाथ से तिरंगा निर्माण, राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत तथा स्थानीय उत्पादों से जुड़ी गतिविधियां होंगी।
13 एवं 14 अगस्त को महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में ‘विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी’ आयोजित की जाएगी। साथ ही जिला एवं पंचायत स्तर पर विभाजन विषयक प्रदर्शनियों एवं फिल्मों का प्रदर्शन होगा।
13 से 17 अगस्त तक सरकारी कार्यालयों, स्मारकों, प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा तथा प्रमुख स्थानों पर ‘तिरंगा कैनवास’ स्थापित किए जाएंगे। 14 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण के साथ नागरिकों को तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी। जिले के प्रमुख स्मारकों, सरकारी भवनों एवं अन्य प्रमुख इमारतों को तिरंगा रोशनी से सजाया जाएगा।
जिला कलेक्टर ने कहा कि अभियान की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आमजन से उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाने की अपील की।
==================
विधान सभा क्षेत्र बीकानेर पश्चिम में 19.23 कि.मी. सड़कों के लिए 9.90 करोड़ रुपये स्वीकृत
बीकानेर, 9 अगस्त। राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत 187 विधान सभा क्षेत्रों में नॉन पेचेबल/मिसिंग लिंक सड़कों के 3232 कार्यों के लिए 21 करोड़ एक लाख 16 हजार 550 रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। इसके तहत बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 34 नॉन पेचेबल/मिसिंग लिंक की 19.23 कि.मी. सड़कों के 34 कार्यों के लिए 9 करोड़ 90 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने बताया कि स्वीकृति अनुसार बीकानेर पश्चिम में वार्ड नम्बर एक में ओम जी के घर से माता जी के मंदिर होते हुए रामलाल जी के घर तक बाबू लाल जी की दुकान के आगे रंगीन ब्लॉक की 480 मीटर सड़क के लिए 35 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 26 व वार्ड नम्बर 3 में लवली क्लॉसेज, चौपड़ा बाड़ी से गहलोत पाईप फैक्ट्री सुजानदेसर तक 600 मीटर सीसी सड़क के लिए 28.9 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 3 में सुजानदेसर सामुदायिक भवन से मालियों की श्मशान भूमि तक 300 मीटर डामर सड़क के लिए 11.3 लाख रुपए, वार्ड नम्बर 03 में जनता प्याऊ के पीछे से गणेश बाल निकेतन स्कूल तक 300 मीटर सीसी सड़क के लिए 27 लाख, वार्ड नम्बर 03 में गणेश बाल निकेतन स्कूल से सत्यनारायण गहलोत के घर से होते हुए मैन रोड तक 500 मीटर सड़क के लिए 41 लाख, वार्ड नम्बर 04 भागीरथ जी के चक्की से हरिराम जी मंदिर तक व भागीरथ जी की दुकान से सुरेन्द्र के मकान तक डामर 500 मीटर डामर सडक लिए 15.5 लाख रूपये, वार्ड नम्बर 04 में सेन समाज संस्था से बीरबल जी मास्टर के मकान तक 200 मीटर सीसी सड़क के लिए 25.9 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 04 में हरीश सांखला के गैराज से ब्राह्मणों के श्मशान तक 350 मीटर डामर सड़क के लिए 8 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 4 में रामकिशन महाराज के मकान से जीया बाई ढाणी के आगे तक व आस पास की लिंक गलियों में व माणक जी माली के मकान से हेम शर्मा पत्रकार के मकान तक 500 मीटर डामर सड़क के लिए 10.75 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
इसी प्रकार वार्ड नम्बर 4 में संजय सेठिया के घर वाली गली में पेवर ब्लॉक 250 मीटर के लिए 21 लाख, वार्ड नम्बर 5 पुरानी रोशनी घर भीनासर से मालियों की गली तक 500 मीटर सड़क के लिए 15.3 लाख, वार्ड नम्बर 21 में जेठाराम जी सियाग के घर से लूणसिंह के घर से विजय सिंह के घर तक 800 मीटर सड़के लिए 50 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 21 में चेनाराम जी सोनी के घर से किग्स स्कूल तक 400 मीटर ब्लॉक सड़क निर्माण के लिए 14.50 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 21 में गणेश जी नाई के घर से अर्जुन जी के घर तक 200 मीटर ब्लॉक सड़क निर्माण के लिए 14 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 23 में ब्राहम्ण समाज श्मशान भूमि से भैरू जी मंदिर होते हुए श्रवण राम पुत्र हजारी राम जी के घर तक 600 मीटर सीसी सड़क के लिए 55.5 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 23 में मूलाराम पुत्र भोजाराम के घर से मोडाराम पुत्र सुगनाराम के घर तक 700 मीटर सीसी सड़क निर्माण के लिए 64 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 23 में करमीसर मैन रोड से धोलागर माताजी मंदिर तक 1000 मीटर डामर सड़क के लिए 68 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 24 में रामदेव जी मंदिर के चौक से रामलाल जी सांखला की चक्की से होते हुए जगदीश सौंलकी के घर तक 200 मीटर सीसी सड़क के लिए 20.35 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसी प्रकार वार्ड नम्बर 24 गहलोतों के चौक से घनश्याम की दुकान से होते हुए जगदीश गहलोत के घर तक 500 मीटर री-कारपेट सड़क के लिए 11 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 24 में हनुमान जी मंदिर से गहलोतों के चौक तक 450 मीटर सड़क निर्माण के लिए 28.53 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 24 में गहलोतों के चौक से हरजी पटवारी के घर वाली गली से होते हुए करणी माता मंदिर वाले चौक तक 1000 मीटर रिकारपेट सड़क के लिए 21.50 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 24 गहलोतों के चौक से नत्थू जी डाईवर की बाड़ी तक 1000 मीटर रिकारपेट सड़के लिए 21.50 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 24 में बींजाराम जी पंवार के घर के सामने वाली गली से बुलाकीराम सोलंकी के घर तक 1000 मीटर के लिए 21.50 लाख, वार्ड नम्बर 24 में सरकारी स्कूल के सामने वाली गली से होते हुए करणी माता मंदिर तक 1000 मीटर सड़क के लिए 21.50 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 43 में हनुमान राम बिश्नोई के घर से पुरानी गजनेर रोड़ तक 700 मीटर सीसी रोड़ के लिए 50 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 44 में नया शहर पुलिस थाने से उष्ठवाहिनी मंदिर तक 1 कि.मी. सड़क के लिए 65 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 44 में ओझा सारस्वत भवन से ब्रह्म बगीची तक की 350 मीटर सड़क के लिए 10 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 44 में लाली बाई बगीची के सामने मेन रोड़ से नत्थूसर बास नुक्कड़ तक 300 मीटर सड़क के लिए 10 रुपये व्यय होंगे।
व्यास ने बताया कि स्वीकृति के अनुसार वार्ड नम्बर 46 में मैन रोड गोपेश्वर बस्ती से भैरू पापड भण्डार तक की 700 मीटर पेवर ब्लॉक सड़क के लिए 48 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 46 में माली समाज के भवन के नुक्कड से शिवजी महाराज के घर तक 100 मीटर सीसी सड़क के लिए 11.50 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 46 में बिरजा महाराज ओझा के घर से मोचियों के भैरू जी मंदिर तक 450 मीटर पेवर ब्लॉक सड़क के लिए 41 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 55 में बाग बीकाणा गार्डन से सुखदेव धवल के घर तक 450 मीटर डामर रिकॉरपेट सड़क के लिए 16.50 लाख रुपये, वार्ड नम्बर 55 में भंवर सिंह जी थानेदार के घर से भंवर जी नाई के घर तक की 250 मीटर सीसी सड़क के लिए 23.16 लाख रुपये तथा विधान सभा क्षेत्र बीकानेर पश्चिम के विभिन्न वार्डो में 1.6 कि.मी. सड़कों के निर्माण के लिए 63.31 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
========


