50 से अधिक स्टॉल्स के साथ बीकानेर में सजेगा पुष्करणा मेला
50 से अधिक स्टॉल्स के साथ बीकानेर में सजेगा पुष्करणा मेला



- 22 अगस्त से शुरू होंगे 5 दिवसीय पुष्करणा दिवस कार्यक्रम
बीकानेर, 18 अगस्त । पुष्करणा समाज के उत्पत्ति दिवस के अवसर पर पुष्करणा प्रन्यास के तत्वावधान में आगामी 22 अगस्त से पांच दिवसीय विविध आयोजनों का भव्य आगाज होने जा रहा है। आयोजन से जुड़े अनिल पुरोहित ने बताया कि पुष्करणा स्टेडियम में दोपहर 1:00 बजे पुष्करणा मेले का आयोजन किया जाएगा।


इस मेले में समाज की महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित व्यावसायिक वस्तुओं की कुल 53 स्टॉल्स लगाई जाएंगी। स्टॉल लगाने वाली महिलाओं को नियमों व व्यवस्थाओं से अवगत कराने के लिए धरणीधर ऑडिटोरियम में एक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें उनकी विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। पुरोहित ने बताया कि 22 अगस्त की शाम को पारंपरिक गीतों का आयोजन होगा और समाज की शैक्षणिक संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। अगले दिन 23 अगस्त को दोपहर में रंगोली प्रतियोगिता तथा शाम को हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन रखा गया है।



इसके बाद 24 अगस्त को मेहंदी-मांडना प्रतियोगिता, साहित्यकार-पत्रकार सम्मान समारोह व संगोष्ठी आयोजित होगी। वहीं 25 अगस्त को महिलाओं के लिए पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता तथा शाम को दीपदान, वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान और संगोष्ठी होगी। पुष्करणा दिवस के मुख्य दिन 26 अगस्त को प्रातः मां उष्ट्रवाहिनी का पूजन होगा। इसके बाद ‘आया सावन झूम के’ पारंपरिक नृत्य, वेद पाठ, भजन संध्या और महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला व बैठक के दौरान रासबिहारी जोशी, एडवोकेट सोमदत्त पुरोहित, राजीव हर्ष, जयनारायण बिस्सा, बद्री दास जोशी, महेंद्र व्यास, वीरेंद्र किराडू, राजकुमारी व्यास, आरती आचार्य, शिवराज व्यास, सेनूका हर्ष, सुमन ओझा, प्रेम शंकर रंगा, नवरत्न व्यास, शशि व्यास, विजय भादाणी और विजय पुरोहित सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

