रमेश इंग्लिश स्कूल में हिंदी भाषण प्रतियोगिता में प्रियंका चंदेलिया ने हासिल किया पहला स्थान
रमेश इंग्लिश स्कूल में हिंदी भाषण प्रतियोगिता में प्रियंका चंदेलिया ने हासिल किया पहला स्थान



बीकानेर, 20 अगस्त । अंत्योदय नगर स्थित रमेश इंग्लिश स्कूल में गुरुवार को हिंदी भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। ‘सद्भावना से देश कैसे आगे बढ़ सकता है?’ विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने विचार और उदाहरण प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में प्रियंका चंदेलिया ने प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं सिया कसवां दूसरे और दीक्षिता रंगा तीसरे स्थान पर रहीं। तेजस मारू, वनिता स्वामी तथा खुशी सारस्वत को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।


अतिथियों ने दी साहित्य पढ़ने और जीवन में आदर्शों को अपनाने की सीख



कार्यक्रम में अतिथि एवं निर्णायक के रूप में उपस्थित साहित्यकार मनीषा आर्य सोनी ने कहा कि आदर्शों को केवल बातों तक सीमित न रखकर अपने जीवन और व्यवहार में उतारना चाहिए। साहित्यकार मोनिका गौड़ ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ साहित्यिक पुस्तकों का अध्ययन करने और प्रतिदिन कुछ न कुछ लिखने की सलाह दी, जिससे जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने छात्रों को स्वच्छता अभियान से जुड़ने और नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया। स्कूल की प्राचार्य सेनुका हर्ष ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारना और उनके अभिव्यक्ति कौशल को मजबूत करना है। कार्यक्रम का सफल संयोजन हिंदी व्याख्याता सविता जोशी ने किया।

