EWS सरलीकरण को लेकर बीकानेर पहुंचे विधायक रविंद्र सिंह भाटी का पूगल फांटे से शुरू हुआ रोड शो, नत्थूसर गेट पर युवाओं ने किया भव्य स्वागत
EWS सरलीकरण को लेकर बीकानेर पहुंचे विधायक रविंद्र सिंह भाटी

बीकानेर, 05 अक्टूबर । आर्थिक पिछड़ा वर्ग (EWS) आरक्षण के नियमों में सरलीकरण और व्यावहारिक बदलाव की मांग को लेकर ‘EWS सरलीकरण यात्रा’ के दूसरे चरण में शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी सोमवार देर शाम बीकानेर पहुंचे। श्रीडूंगरगढ़, कालू और लूणकरणसर होते हुए बीकानेर आगमन पर हजारों की संख्या में मौजूद युवाओं और समर्थकों ने पुष्पवर्षा कर उनका ऐतिहासिक स्वागत किया।


पूगल फांटे से शुरू हुआ भव्य रोड शो
बीकानेर पहुंचने पर विधायक भाटी का रोड शो पूगल फांटे से प्रारंभ हुआ, जो गोकुल सर्किल और भीतरी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नत्थूसर गेट पहुंचा। नत्थूसर गेट पर विशेष मंच तैयार किया गया था, जहां भाटी ने युवाओं व उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। यात्रा के दौरान वार्ड 44 के पार्षद शुभकरण गहलोत और उनकी टीम सहित स्थानीय समर्थकों द्वारा शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाकर भाटी का जोरदार अभिनंदन किया गया।


EWS नियमों को लेकर उठाई जा रही हैं ये प्रमुख मांगें
विधायक रविंद्र सिंह भाटी की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य EWS व्यवस्था से जुड़े जटिल नियमों को सरल बनाना है। यात्रा के माध्यम से EWS प्रमाण-पत्र की वैधता अवधि बढ़ाने, राजस्थान के EWS प्रमाण-पत्र को केंद्रीय सेवाओं में मान्यता दिलाने तथा सरकारी भर्तियों में अन्य आरक्षित वर्गों की तर्ज पर आयु सीमा और आवेदन शुल्क में छूट/राहत देने की प्रमुख मांगें उठाई जा रही हैं।
दूसरा चरण बीकानेर में, बाड़मेर से हुई थी शुरुआत
उल्लेखनीय है कि EWS सरलीकरण यात्रा का पहला चरण 25 सितंबर को बाड़मेर से शुरू हुआ था, जिसका 5 दिवसीय समापन जोधपुर में हुआ था। अब दूसरे चरण के तहत बीकानेर जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से गुजरते हुए यह यात्रा युवाओं को जागरूक और लामबंद कर रही है।
