बीकानेर उद्योग संघ में फोर्टी की कार्यकारिणी बैठक में संभाग विस्तार और नए सदस्य जोड़ने पर गहन मंथन
बीकानेर उद्योग संघ में फोर्टी की कार्यकारिणी बैठक में संभाग विस्तार और नए सदस्य जोड़ने पर गहन मंथन



बीकानेर, 23 सितंबर। फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (फोर्टी), बीकानेर कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक रानीबाजार स्थित बीकानेर जिला उद्योग संघ में आयोजित की गई। बैठक में संस्था के विस्तार, सदस्यता अभियान और संभाग के अन्य जिलों में शाखाओं के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।


बैठक की शुरुआत में फोर्टी के सचिव मनीष नाहटा ने उपस्थित सभी सदस्यों का परिचय कराया। इसके पश्चात संगठन की सदस्यता बढ़ाने, व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने और बीकानेर संभाग के अन्य जिलों में संगठन की पकड़ मजबूत करने संबंधी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।


संभाग अध्यक्ष मनमोहन कल्याणी ने बताया कि संस्था से अधिक से अधिक व्यापारियों को जोड़ने के लिए एक विशेष ब्रोशर और कवरिंग लेटर तैयार किया जाएगा। इसमें फोर्टी के उद्देश्यों, गतिविधियों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी होगी।
संभाग के जिलों में नई शाखाओं का होगा गठन:
बैठक में बीकानेर जोन के तहत आने वाले श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में फोर्टी की नई शाखाएं गठित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए संभाग अध्यक्ष कल्याणी ने जिम्मेदारियां भी सौंपीं:
श्रीगंगानगर: शाखा गठन की जिम्मेदारी संतोष बांठिया को सौंपी गई।
चूरू: शाखा गठन हेतु महावीर पुरोहित का चयन किया गया।
हनुमानगढ़: शाखा स्थापना के लिए स्थानीय गणमान्य कारोबारियों से संपर्क व समन्वय स्थापित किया जाएगा।
बीकानेर स्थानीय स्तर: बीकानेर की विभिन्न व्यापारिक व औद्योगिक संस्थाओं से संपर्क कर उन्हें फोर्टी से जोड़ने का विशेष दायित्व आज्ञाराम पेड़ीवाल को दिया गया, जिसमें पूरी कार्यकारिणी उनका सहयोग करेगी।
व्यापारिक डायरेक्टरी तैयार करने पर बनी सहमति:
बैठक के दौरान कार्यकारिणी सदस्य राजेश चूरा ने एक महत्वपूर्ण सुझाव दिया कि संस्था के सभी सदस्यों की एक विस्तृत सूची तैयार की जाए। इसमें सदस्य के नाम के साथ उनके व्यवसाय व उद्योग का विवरण दर्ज हो, ताकि सदस्यों के बीच आपसी व्यापार और व्यावसायिक सहयोग की संभावनाएं बढ़ सकें। इस सुझाव को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।
इसके अलावा, कोषाध्यक्ष आलोक प्रताप सिंह ने संस्था के वित्तीय और संगठनात्मक विस्तार के साथ सदस्यों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में सलीम सोढा और अशोक चांडक सहित संगठन के कई अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
