डागा बंधु महासंघ का राष्ट्रीय अधिवेशन 3-4 अक्टूबर को बीकानेर में, तैयारियों में जुटे पदाधिकारी
डागा बंधु महासंघ का राष्ट्रीय अधिवेशन 3-4 अक्टूबर को बीकानेर में, तैयारियों में जुटे पदाधिकारी




बीकानेर, 24 सितंबर। श्री ओसवाल डागा बंधु महासंघ का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को बीकानेर के गंगाशहर स्थित हंशा गेस्ट हाउस में आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर के विभिन्न शहरों एवं राज्यों से बड़ी संख्या में डागा परिवार के प्रतिनिधि और सदस्य भाग लेंगे। आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए महासंघ की ओर से तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।


महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस अधिवेशन का मुख्य ध्येय देशभर में फैले डागा परिवारों को एक मंच पर लाकर पारस्परिक संपर्क, सामाजिक एकजुटता और संगठन को सुदृढ़ बनाना है। दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान पारिवारिक, व्यापारिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ संगठन के भविष्य की कार्ययोजनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजकों ने समाज बंधुओं से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क साधकर छूटे हुए डागा परिवारों को भी संगठन से जोड़ने में सहयोग करें।


प्रतिभावानों, तपस्वियों और विशिष्ट उपलब्धियों का होगा सम्मान:
अधिवेशन के दौरान समाज का गौरव बढ़ाने वाली प्रतिभाओं एवं सेवाभावी व्यक्तियों का विशेष रूप से अभिनंदन किया जाएगा।
तपस्वी सम्मान: 15 या उससे अधिक की तपस्या पूर्ण करने वाले साधकों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रतिभा सम्मान: कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
डागा गौरव सम्मान: सिविल सेवाओं अथवा अन्य विशेष क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज का मान बढ़ाने वाले महानुभावों को इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
महासंघ ने सम्मान हेतु पात्र विद्यार्थियों, तपस्वियों एवं विशिष्ट व्यक्तियों की प्रविष्टियां 30 सितंबर 2026 तक उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है, ताकि चयन प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।
इस राष्ट्रीय अधिवेशन को सुचारू एवं सफल बनाने में महासंघ अध्यक्ष हंस राज डागा, संरक्षक मिट्ठूलाल डागा, महामंत्री पारस डागा तथा अधिवेशन संयोजक सुरेंद्र कुमार डागा सहित संपूर्ण कार्यकारिणी सक्रिय रूप से जुटी हुई है।
