ब्लैकमेल कर युवती से दुष्कर्म, सेना परिसर व सड़क से क्रेन चोरी समेत कई मामले दर्ज
ब्लैकमेल कर युवती से दुष्कर्म, सेना परिसर व सड़क से क्रेन चोरी समेत कई मामले दर्ज



जोधपुर, 26 सितम्बर । शहर में अपराध से जुड़ी कई प्रमुख घटनाएं सामने आई हैं। शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने और परिजनों को भेजने की धमकी देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता के अनुसार, कल्पतरु सिनेमा के पास स्थित एक होटल में आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर बुलाया और जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


शहर में चोरी की घटनाओं में भी इजाफा देखने को मिला है। रातानाडा क्षेत्र स्थित सेना की 11 गार्ड्स यूनिट की तारबंदी काटकर अज्ञात बदमाशों ने कीमती सामान चोरी कर लिया, जिसकी रिपोर्ट नायक सूबेदार रॉबर्ट मसीह ने दर्ज कराई है। इसके अलावा, रातानाडा की गोवर्धन कॉलोनी से एक मोटरसाइकिल तथा भगत की कोठी थाना क्षेत्र में अमृता देवी पार्क के पास खड़ी अनिल कुमार की क्रेन भी चोरी हो गई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


अन्य मामलों में, महामंदिर थाना क्षेत्र से 24 सितंबर को अचानक गायब हुई एक किशोरी के अपहरण की प्राथमिकी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज कराई गई है। वहीं, बासनी स्थित इनफिनिटी इंडिया कंपनी में हुई चोरी के सिलसिले में कंपनी प्रतिनिधि वीरेंद्र राठी की शिकायत पर महेंद्र चौधरी और पूरणसिंह के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है, जिसकी जांच एएसआई पप्पाराम कर रहे हैं।
