ईसीबी में आईआईटी बॉम्बे के ‘इल्यूमिनेट ’26’ का आयोजन
ईसीबी में आईआईटी बॉम्बे के 'इल्यूमिनेट ’26' का आयोजन



- विद्यार्थियों को उद्यमिता और स्टार्टअप के लिए किया गया प्रेरित
बीकानेर, 30 सितम्बर । इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ईसीबी) में ई-सेल ईसीबी की टीम ‘द वेंचरर्स’ के तत्वावधान में आईआईटी बॉम्बे के नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज (एनईसी) के तहत ‘इल्यूमिनेट ’26’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमिता, नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति के प्रति समझ विकसित करना तथा उनके नए विचारों को व्यावहारिक व्यावसायिक अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित करना रहा।


उद्यमिता और नवाचार के व्यावहारिक गुर सीखे


कार्यक्रम के दौरान आईआईटी बॉम्बे के एनईसी प्रतिनिधि गौरव शर्मा ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने उद्यमिता के विभिन्न आयामों, नए विचारों की पहचान, समस्याओं के नवाचार-आधारित समाधान और उन्हें व्यावसायिक अवसरों में तब्दील करने की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने विचारों को केवल कल्पना तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें व्यावहारिक रूप देकर उद्यमशीलता को एक संभावित करियर विकल्प के रूप में अपनाएं।
रोजगार प्रदाता बनने की सोच विकसित करें – प्राचार्य
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. सुरेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमशील सोच विकसित करना वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता है। वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार सृजन की संभावनाओं पर भी विचार करना चाहिए। उन्होंने रचनात्मक सोच, नवाचार और उद्यमशीलता को करियर विकास का अहम हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर डॉ. राहुल अग्रवाल, डॉ. धनरूप मल नागर, सुश्री चारू जैन, डॉ. मनोज कुरी एवं डॉ. रितुराज सोनी सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्टार्टअप और नवाचार से जुड़े विभिन्न विषयों पर वक्ता के साथ संवाद किया, जिससे उन्हें पारंपरिक करियर विकल्पों के अलावा उद्यमिता की नई दिशा को समझने का अवसर मिला।
