गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर श्री जैन पीजी कॉलेज में हुआ विविध कार्यक्रमों का आयोजन
गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर श्री जैन पीजी कॉलेज में हुआ विविध कार्यक्रमों का आयोजन

बीकानेर (गंगाशहर), 02 अक्टूबर । श्री जैन पीजी कॉलेज, गंगाशहर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर श्रद्धापूर्वक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) एवं स्काउट दल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।


माल्यार्पण व श्रद्धांजलि सभा से हुई शुरुआत


कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र चौधरी, संकाय सदस्यों, एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट सदस्यों तथा विद्यार्थियों ने दोनों महान विभूतियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्शों पर डाला प्रकाश
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजेंद्र चौधरी ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के उच्च आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
निबंध प्रतियोगिता का आयोजन व स्वच्छता की दिलाई शपथ
गांधी जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने में युवाओं की भूमिका’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को महाविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित स्वयंसेवकों, कैडेट्स एवं विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भारती सांखला, श्याम सुंदर शर्मा, एनसीसी अतिरिक्त कार्यवाहक प्रभारी अनिल तंवर, स्काउट रोवर लीडर डॉ. कृष्ण कुमार खत्री सहित समस्त संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
