राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की अब साल में 2 बार होंगी 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं, सप्लीमेंट्री व्यवस्था खत्म
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की अब साल में 2 बार होंगी 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं

जयपुर/बीकानेर, 05 अक्टूबर । राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा की व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव करते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की तर्ज पर वर्ष में दो बार परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत सप्लीमेंट्री (पूरक) परीक्षा की पुरानी प्रणाली को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। अब पहली मुख्य परीक्षा फरवरी-मार्च में होगी, जबकि मई में सुधारात्मक (इंप्रूवमेंट) परीक्षा आयोजित की जाएगी।


परिणाम सुधारने का मिलेगा एक और मौका


बोर्ड द्वारा जारी नए आदेशों के अनुसार, मुख्य परीक्षा में अपेक्षित अंक प्राप्त न करने या अपने अंकों से असंतुष्ट रहने वाले परीक्षार्थियों को परिणाम सुधारने का एक और अवसर मिलेगा। विद्यार्थी अधिकतम तीन विषयों में सुधारात्मक परीक्षा दे सकेंगे। यदि छात्र चाहें तो एक या दो विषय में भी परीक्षा दे सकते हैं। हालांकि, परीक्षा केवल उन्हीं विषयों की दी जा सकेगी जो मुख्य परीक्षा में चुने गए थे, विषय बदलने की अनुमति नहीं होगी।
दोनों परीक्षाओं में से श्रेष्ठ अंक होंगे मान्य
सुधारात्मक परीक्षा के पश्चात मुख्य और द्वितीय परीक्षा में से जिस परीक्षा में विषयवार अधिक अंक प्राप्त होंगे, उन्हें ही अंतिम अंक तालिका (मार्कशीट) और उत्तीर्णता प्रमाण पत्र में शामिल किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अंक सुधारने के साथ-साथ आगे की पढ़ाई में होने वाले विलंब से भी बड़ी राहत मिलेगी।
सप्लीमेंट्री व्यवस्था समाप्त, लागू होंगे नए नियम
बोर्ड ने सत्र 2026-27 से माध्यमिक एवं प्रवेशिका परीक्षाओं में पूरक परीक्षा प्रणाली को समाप्त कर दिया है। नए नियमों के अनुसार:
Essential Improvement: मुख्य परीक्षा में किन्हीं भी दो विषयों में न्यूनतम उत्तीर्णांक (33 प्रतिशत) से कम अंक प्राप्त करने वाले परीक्षार्थियों को पूरक योग्य घोषित करने के बजाय ‘Essential Improvement’ के तहत द्वितीय बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।
Essential Repeat: यदि कोई छात्र प्रथम मुख्य परीक्षा में तीन या उससे अधिक विषयों में अनुपस्थित रहता है या न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने में विफल रहता है, तो उसे द्वितीय परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी। उसका परिणाम ‘Essential Repeat’ घोषित किया जाएगा और उसे अगले सत्र की मुख्य परीक्षा में सभी विषयों के साथ पुनः शामिल होना होगा।
