दक्षिण मुंबई तेरापंथ समाज की ‘गुरुदर्शनम यात्रा’ लाडनूं संपन्न; आचार्य श्री महाश्रमण जी का मिला पावन आशीर्वाद
साउथ मुंबई तेरापंथ समाज की गुरुदर्शनम यात्रा लाडनूं में संपन्न हुई

बीकानेर/मुंबई, 06 अक्टूबर । कालबादेवी स्थित महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में विराजित शासन श्री साध्वी श्री कंचन प्रभा जी एवं शासन श्री साध्वी श्री मंजुरेखा जी आदि साध्वी वृंद की प्रेरणा से दक्षिण मुंबई तेरापंथ समाज द्वारा लाडनूं स्थित 11वें पट्टधर आचार्य श्री महाश्रमण जी के दर्शनार्थ ‘गुरुदर्शनम यात्रा’ का सफल आयोजन किया गया। लाडनूं पहुंचे संघ के सदस्यों ने सर्वप्रथम आचार्य श्री महाश्रमण जी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।


धर्म संघ के शीर्ष गुरुओं ने दिया प्रेरणादायी पावन पाथेय
गुरुदर्शन के दौरान आचार्य श्री महाश्रमण जी ने फरमाया कि कालबादेवी में प्रायः चातुर्मास का आयोजन होता रहता है, अतः सभी श्रावक-श्राविकाएं खूब धर्म-आराधना करते रहें। युवाचार्य श्री महावीर कुमार जी ने युवाओं पर बल देते हुए कहा कि युवक-युवतियों को संघ से निरंतर जुड़ाव रखना चाहिए क्योंकि यही हमारी भावी पीढ़ी हैं। वहीं साध्वी प्रमुखा श्री जी ने तत्त्वज्ञान, तत्त्वप्रचेता और सेवासाधक जैसे उपक्रमों के माध्यम से महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने के लिए प्रेरित किया। साध्वी वर्या संबुद्धयशा जी ने ज्ञानशाला में ज्यादा से ज्यादा बच्चों को जोड़ने और धर्म-ध्यान में लीन रहने का संदेश दिया।


सामूहिक खमत-खामना एवं गतिविधियों की दी जानकारी
यात्रा के दौरान सभी चारित्रात्माओं के दर्शन-सेवा की गई। इस अवसर पर संस्था शिरोमणि महासभा के पूर्व अध्यक्ष किशनलाल डागलिया ने सामूहिक खमत-खामना करवाए। आचार्य महाप्रज्ञ विद्या निधि फाउंडेशन के अध्यक्ष कुंदनमल धाकड़, सभा अध्यक्ष देवेंद्र डागलिया तथा महिला मंडल अध्यक्षा लतिका डागलिया ने दक्षिण मुंबई में संचालित विभिन्न धार्मिक व सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी।
इन संस्थाओं व कार्यकर्ताओं का रहा सराहनीय योगदान
यात्रा संयोजक नितेश धाकड़ ने बताया कि यात्रा को सफल बनाने में फाउंडेशन के महामंत्री लक्ष्मीलाल डागलिया, सभा मंत्री पवन बोलिया, सह संयोजक दीपेश बोराना, भाग्यश्री मेहता, विनोद बरलोटा, निकेश वागरेचा, दीपक सुराणा, रमेश मेहता, सुरेश मेहता, उत्सव धाकड़ और सुमन नाहर सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। इस आयोजन में आचार्य महाप्रज्ञ विद्या निधि फाउंडेशन, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद एवं तेरापंथ महिला मंडल (दक्षिण मुंबई) की सक्रिय सहभागिता रही।
