इंदिरा एकादशी पर बीकानेर के खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
इंदिरा एकादशी पर बीकानेर के खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

- ‘मौज लगा दी सांवरिया…’ भजन से गूंजा श्याम दरबार
बीकानेर, 06 अक्टूबर। पितृपक्ष के पावन अवसर पर मंगलवार को ‘इंदिरा एकादशी’ के मौके पर जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही बाबा श्याम के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों की भारी भीड़ एवं सुलभ दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन द्वारा दिनभर मंदिर के पट खुले रखे गए।


दिल्ली के सफेद और पर्पल फूलों से हुआ विशेष श्रृंगार


इंदिरा एकादशी पर बाबा श्याम का अलौकिक रूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। पंडित चेतन शर्मा एवं अनूप कुमार पांडे द्वारा दिल्ली से विशेष रूप से मंगाए गए सफेद और पर्पल रंग के सुगंधित फूलों से बाबा श्याम का मनोहारी श्रृंगार किया गया, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर महक उठा।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु, गूंजे बाबा के जयकारे
दर्शन के दौरान श्रद्धालु बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर परिसर में चल रहे भजन-कीर्तन के दौरान “मौज लगा दी सांवरिया, तेरी यारी ने, बदल दिए दिन बाबा तेरी लखदातारी ने…” जैसे प्रसिद्ध भजनों की स्वर लहरियों से श्याम दरबार गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर नृत्य किया और ‘जय श्री श्याम’ के जयकारे लगाए।
पितरों की शांति के लिए की गई विशेष प्रार्थना
श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के.के. शर्मा ने बताया कि पितृपक्ष में आने वाली इंदिरा एकादशी का सनातन धर्म में विशेष महत्व है। मान्यतानुसार इस दिन व्रत रखकर किए गए पूजन का फल पितरों को समर्पित करने से उन्हें मोक्ष एवं शांति की प्राप्ति होती है। इसी भावना के साथ अनेक श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर अपने पूर्वजों की सद्गति के लिए प्रार्थना की। इसके साथ ही मंदिर परिसर में जरूरतमंदों को दान-पुण्य एवं गो-सेवा का संदेश देते हुए अन्न व वस्त्र का वितरण भी किया गया।
