स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप-2026 अहमदाबाद में 9 अक्टूबर से
स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप-2026 अहमदाबाद में 9 अक्टूबर से

- बीकानेर के आर.के. शर्मा बने जूरी प्रेसिडेंट
बीकानेर/अहमदाबाद, 06 अक्टूबर । दूसरी ‘युवराज सिंह सिसोदिया स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप-2026’ का आयोजन 9 अक्टूबर से अहमदाबाद में होने जा रहा है। खेल प्रेमियों और पर्वतारोहियों के लिए आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बीकानेर का मान बढ़ा है। प्रतियोगिता के जूरी प्रेसिडेंट पद पर बीकानेर के आर.के. शर्मा को नियुक्त किया गया है, जबकि रोहिताश्व बिस्सा निर्णायक (जज) की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा, मुंबई के प्रकाश केलसीकर को इवेंट डेलिगेट और योगी को मुख्य रूटसेटर बनाया गया है।


स्पीड और बोल्डरिंग स्पर्धाओं में दिखेगा दम


ग्रो-फिट फाउंडेशन के संस्थापक एस.एम. सिसोदिया ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों से आए कई प्रतिभाशाली आरोहक (क्लाइम्बर्स) अपनी कला और क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन स्पीड और बोल्डरिंग कैटेगरी में किया जाएगा।
विभिन्न श्रेणियों में होंगे मुकाबले
इस चैंपियनशिप में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के अंतर्गत सब-जूनियर, जूनियर और ओपन कैटेगरी में दोनों प्रतियोगिताओं के रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर प्रतिभागियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
