ज्वैलरी कारोबारी कमल सोनी की मौत मामले में नया मोड़
ज्वैलरी कारोबारी कमल सोनी की मौत मामले में नया मोड़

- जोड़बीड़ रेलवे ट्रैक पर मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, कैलाश सोनी के खिलाफ मामला दर्ज
बीकानेर, 9 अक्टूबर । बीकानेर के ज्वैलरी कारोबारी कमल कुमार सोनी (56) की जोड़बीड़ रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे ट्रेन हादसे का मामला मान रही थी, वहीं परिजनों ने लाखों रुपये के सोने के लेन-देन के विवाद को लेकर साजिशन हत्या की गंभीर आशंका जताई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बी. सेठिया गली निवासी कैलाश सोनी व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।


परिजनों के अनुसार, जेल रोड निवासी कमल कुमार सोनी बुधवार सुबह काम के सिलसिले में घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। देर रात पुलिस ने जोड़बीड़ मार्ग के पास रेलवे ट्रैक से उनका शव बरामद किया। परिजनों ने बताया कि कैलाश सोनी ने कारोबार के सिलसिले में उनसे लाखों रुपये का सोना लिया था, जिसे वह न तो लौटा रहा था और न ही पैसे दे रहा था। इसी विवाद के चलते कमल कुमार काफी समय से परेशान थे। घटना के बाद पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों और स्वर्णकार समाज के लोगों ने निष्पक्ष जांच व आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया।


जयनारायण व्यास कॉलोनी थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र अजय कुमार सोनी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस रेलवे ट्रैक के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। पोस्टमार्टम और एफएसएल (FSL) रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
