श्री जुबिली नागरी भण्डार में वरिष्ठ लोक कलाकार मदन गोपाल व्यास सम्मानित
श्री जुबिली नागरी भण्डार में वरिष्ठ लोक कलाकार मदन गोपाल व्यास सम्मानित

- प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज का दायित्व है — नंद किशोर सोलंकी
बीकानेर। 12 अक्टूबर । श्री जुबिली नागरी भण्डार पाठक मंच के तत्वावधान में नागरी भण्डार परिसर में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ख्यातिप्राप्त वरिष्ठ लोक कलाकार एवं लोक संस्कृतिकर्मी मदन गोपाल व्यास ‘जैरी’ को उनके विशिष्ट सांस्कृतिक अवदान के लिए सम्मानित किया गया।


समारोह की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ साहित्यानुरागी नंद किशोर सोलंकी ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज का मुख्य दायित्व है। आज के डिजिटल युग में मदन गोपाल व्यास जैसे कलाकार अपने मानवीय कंठ और स्पर्श से लोककला एवं लोक संस्कृति को जीवंत रखे हुए हैं।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमल रंगा ने अपने संबोधन में कहा कि व्यास की लोककला में कबीर और रसखान दोनों का भाव देखने को मिलता है। लोककला कोई व्यवसाय नहीं बल्कि एक साधना है। आज जब पारंपरिक लोककलाएं विलुप्त हो रही हैं, तब ऐसे कलाकार हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुँचा रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि बुनियाद हुसैन जहीन ने कहा कि ऐसे मूर्धन्य कलाकारों का सम्मान वस्तुतः बीकानेर की साझा संस्कृति का सम्मान है। मदन गोपाल व्यास को सुनना एक अनूठे आध्यात्मिक अनुभव के समान है।
अतिथियों द्वारा अभिनंदन और गणमान्यों की उपस्थिति
समारोह के प्रारंभ में मदन गोपाल व्यास ‘जैरी’ को अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर, श्रीफल, शॉल और माँ शारदे का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद नरेंद्र सोलंकी, सुशील शर्मा, वरिष्ठ शायर जाकिर अदीब, भारत भारती, गोपाल गौतम, गिरिराज पारीक, डॉ. फारूक चौहान, नन्दू आचार्य, भाया व्यास और छगनसिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन गिरिराज पारीक ने किया तथा आभार ज्ञापन गोपाल गौतम ने किया।

