कांतिनगर के प्राचीन शिव हनुमान मंदिर में दुर्गा पूजन आयोजित
कांतिनगर के प्राचीन शिव हनुमान मंदिर में दुर्गा पूजन आयोजित

- 200 से अधिक कन्याओं का हुआ भव्य पूजन, ली गई सनातन सेवा की शपथ
जयपुर, 17 अक्टूबर। भारतीय संस्कृति एवं सनातन सार्वभौम महासभा, सनातन सेवा ग्रुप तथा श्री विप्र महासभा के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को कांतिनगर स्थित प्राचीन शिव हनुमान मंदिर में 44वां पूजन एवं चातुर्मास अनुष्ठान के तहत भव्य दुर्गा पूजन व कन्या पूजन का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।


पं. योगेंद्र कुमार दाधीच के नेतृत्व में आयोजित इस अनुष्ठान में मां दुर्गा के नौ रूपों का भव्य पांडाल सजाया गया, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां का विशेष श्रृंगार, पूजन और महाआरती की गई। विशेष अनुष्ठान के अंतर्गत लगभग 200 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं कन्याओं का तिलक व रक्षासूत्र बांधकर पूजन किया गया। कन्याओं को मां दुर्गा व सरस्वती माता की तस्वीर, स्लेट, पोथी, कलम, फल, बिस्कुट और दक्षिणा भेंट की गई।


आयोजन के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं को राष्ट्र और सनातन सेवा के लिए सामर्थ्य अनुसार योगदान देने की शपथ दिलाई गई। पं. दाधीच ने बताया कि इस अनुष्ठान के तहत 1 लाख संकल्प-शपथ पत्र वितरित किए जा रहे हैं। वर्षभर संतों व पुजारियों के सानिध्य में यह अनुष्ठान जारी रहेगा। कार्यक्रम में मंदिर पुजारी रामकुमार शर्मा, किशन शर्मा, अमित पटवा, बजरंग गुप्ता, गोरधन सिंह राठौड़, संध्या जैन और सुमन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

