

- तंबाकू मुक्त युवा अभियान के लिए बीकानेर जिले में 60 दिवसीय कार्ययोजना के तहत होंगे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम
बीकानेर,10 नवम्बर । बीकानेर जिले में युवाओं और आमजन को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने तथा तंबाकू मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत जिले में 60 दिवसीय कार्ययोजना के अनुरूप विभिन्न जागरूकता और प्रवर्तन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।


जिला कलेक्टर निशांत जैन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के मुख्य उद्देश्यों में तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थानों से संबंधित दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना करवाना तथा ‘तंबाकू मुक्त ग्राम’ की पहल को बढ़ावा देना शामिल है। इसके साथ ही सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम 2019 के प्रावधानों की पूर्ण अनुपालना सुनिश्चित करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।



कार्ययोजना के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से डिजिटल प्रचार-प्रसार, महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों की सक्रिय सहभागिता तथा शिक्षण संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताओं व कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही जिले के सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान से जुड़ी गतिविधियां संचालित होंगी।
इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य), जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की पूर्ण पालना के साथ ही सभी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
=====================
राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष बुधवार को आएंगे बीकानेर
बीकानेर, 10 नवंबर। राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र कुमार नायक 11 नवंबर को रात्रि 8 बजे नोखा स्थित मंसूरी धाम लादूनाथ के दर्शन करेंगे। इसके पश्चात वे बीकानेर के सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। श्री नायक 12 नवंबर को प्रातः 8 बजे बीकानेर से सुजानगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे।
=========
खाद्य सुरक्षा योजनांतर्गत जिले को दिसंबर माह के लिए 61049.50 क्विंटल गेहूं आवंटित
बीकानेर, 10 नवंबर। खाद्य सुरक्षा योजनांतर्गत जिले को दिसंबर माह के लिए गेहूं आवंटित किया गया है।
जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा जिले को खाद्य सुरक्षा योजनान्तर्गत अन्त्योदय, बीपीएल, स्टेट बीपीएल तथा पीएचएच (अन्य) श्रेणी के राशन कार्ड धारक लाभार्थियों को निःशुल्क पात्रता अनुसार दिसंबर माह के लिए 61049.50 क्विंटल गेहूं का आवंटन किया गया है। गेहूं का वितरण अन्त्योदय, बीपीएल, स्टेट बीपीएल एवं पीएचएच (अन्य) श्रेणी के राशन कार्ड धारकों को निःशुल्क किया जावेगा। डीएसओ ने सभी संबंधित खाद्यान्न परिवहनकर्ता को निर्देश दिये है कि पर्याप्त संख्या में ट्रकों की उपलब्धता करवाते हुए उक्त योजना से भारतीय खाद्य निगम के कार्य दिवसों में निर्धारित वैधता अवधि के दौरान शत-प्रतिशत गेहूं का उठाव सुनिश्चित करें।

