

- रतन बिहारी पार्क से ग्रेजुएट हनुमान मंदिर तक गूंजे भक्ति के स्वर
बीकानेर, 10 नवम्बर । केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की अगुवाई में सोमवार को बीकानेर में एक भव्य भजन जैमिंग एवं भक्तिमय संगीत यात्रा निकाली गई। अंतरराष्ट्रीय योग गुरु नवीन-दा हीलर के कार्यक्रम के तहत आयोजित इस यात्रा में शहर के जनप्रतिनिधियों, संतों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण श्रीराम और हनुमानजी की भक्ति से सराबोर नजर आया।


यात्रा का शुभारंभ रतन बिहारी पार्क से हुआ, जहां से भजनों की मधुर धुनों और जयकारों के साथ यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए ग्रेजुएट हनुमानजी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भजनों पर झूमते हुए अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने स्वयं यात्रा का नेतृत्व करते हुए भजनों में सहभागिता की और उपस्थित जनसमूह के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने संगीत और भक्ति के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला।



इस अवसर पर सुमन छाजेड़, श्याम पंचारिया, उप महापौर पंकज गहलोत, यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका, युधिष्ठिर सिंह भाटी, मोहन सुराणा, सोनी, कमल गहलोत और संतोषानंद महाराज सहित बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग उपस्थित रहे।

