

- राजेंद्रसूरी सेतु और जयंतसेनसूरी सेतु के रूप में होगी पहचान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आचार्य श्री नित्यसेन सूरीश्वरजी से लिया आशीर्वाद
इंदौर, 18 नवंबर । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को इंदौर के एयरपोर्ट रोड स्थित श्री केसरी वाटिका पहुंचकर परम पूज्य गच्छाधिपति आचार्यदेव श्रीमद् विजय नित्यसेन सूरीश्वरजी महाराज साहब के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और जैन धर्म के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की।


दो प्रमुख ब्रिजों का जैन आचार्यों के नाम पर होगा नामकरण



इस उच्चस्तरीय भेंट के दौरान इंदौर में निर्माणाधीन दो प्रमुख ब्रिजों के नाम जैन धर्म के महान आचार्यों के नाम पर रखे जाने की घोषणा और प्रस्ताव को लेकर विशेष चर्चा हुई। इन ब्रिजों का नामकरण ‘राजेंद्रसूरी सेतु’ और ‘जयंतसेनसूरी सेतु’ किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक पहल से जैन समाज में भारी हर्ष और उत्साह का माहौल है। इन नामों के माध्यम से जैन आचार्यों के समाज, धर्म और मानवता के प्रति दिए गए अमूल्य योगदान तथा उनकी गौरवशाली आध्यात्मिक परंपरा को हमेशा याद रखा जाएगा। इसे इंदौर की धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत को सम्मानित करने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
गरिमामयी उपस्थिति और स्वागत
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक रमेश मेंदोला भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के आगमन पर श्री श्वेतांबर जैन श्री संघ, इंदौर की ओर से अध्यक्ष धनराज संघवी, चातुर्मास समिति अध्यक्ष नीरज सुराणा, महामंत्री महेंद्र बागवाला, राजेश जैन युवा, राजेंद्र पारेख, सनोज जैन, मुकेश पोसितरा, शशिकांत सकलेचा, नरेंद्र सेठ, रवि मोदी, नरेंद्र सुराणा, दिनेश मेहता, पूर्व पार्षद पवन जैन और पवन सुराणा सहित अनेक समाजजनों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया।
अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद् के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ब्रजेश बोहरा ने बताया कि जैन समाज ने इस निर्णय को महान आचार्य भगवंतों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि, उनकी परंपरा के संरक्षण और इंदौर की सांस्कृतिक पहचान को नई प्रतिष्ठा देने वाला एक सराहनीय कदम बताया है।

