

चेन्नई, 18 नवंबर । तेरापंथ युवक परिषद् (तेयुप), चेन्नई द्वारा कामराज अरंगम सभागार में आयोजित भव्य सांस्कृतिक एवं सेवा संध्या ‘स्वरांजलि – सुरों से समर्पित, भावों की अंजलि’ सुर, सेवा, संस्कृति और सम्मान के अनूठे संगम के रूप में संपन्न हुई। कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुतियों और सेवा प्रकल्पों की झलकियों ने उपस्थित विशाल जनसमूह के हृदय को गहराई से स्पर्श किया।


मंगलाचरण और सेवा प्रकल्पों की झलक
समारोह का शुभारंभ श्री नवीन बोहरा एवं श्री नवीन मुणोत के सुमधुर मंगलाचरण से हुआ। इसके पश्चात तेयुप चेन्नई के अध्यक्ष कोमल डागा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रायोजकों एवं उपस्थित श्रावक-श्राविका समाज का आत्मीय अभिनंदन किया। इस अवसर पर आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर (ATDC) की विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं और सामाजिक सरोकारों को दर्शाती एक प्रेरणादायी वीडियो प्रस्तुति भी प्रदर्शित की गई, जिसकी सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की।



अभातेयुप राष्ट्रीय अध्यक्ष का सम्मान और प्रेरणादायी उद्बोधन
समारोह में अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् (अभातेयुप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत का विशेष सम्मान किया गया। अपने प्रेरक उद्बोधन में मांडोत ने युवाओं को सेवा, संगठन और संस्कारों के प्रति सदैव सक्रिय एवं समर्पित रहने का आह्वान किया। साथ ही, आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रायोजकों, दानदाताओं तथा संयोजन टीम (निवर्तमान अध्यक्ष विशाल सुराणा, उपाध्यक्ष द्वितीय मुकेश ए. आच्छा एवं सहमंत्री प्रथम तरुण बैद) का पट एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
गायक पिंटू स्वामी की प्रस्तुतियों से झूमा सभागार
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध गायक पिंटू स्वामी (सिद्धार्थ डागा) की संगीतमय प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी मधुर आवाज और भावपूर्ण गायकी से समूचे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम को यादगार ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए परिषद् द्वारा उनका विशेष अभिनंदन किया गया।
गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य समारोह में अभातेयुप के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश डागा, जैन विश्व भारती के पूर्व अध्यक्ष धर्मचंद लूंकड़, जैन विश्व भारती के संयुक्त मंत्री एवं युवा गौरव भरत मरलेचा, युवा गौरव विजय सुराणा, चेन्नई शाखा प्रभारी सोनू डागा सहित चेन्नई की समस्त संघीय संस्थाओं के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।
आयोजन की सफलता में परिषद् के पूर्वाध्यक्षों, परामर्शकों, कार्यसमिति सदस्यों और किशोर मंडल का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन हर्ष गादिया एवं जयेश डागा ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अंत में मंत्री श्रीकांत चोरड़िया ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार ज्ञापित किया।

