

बीकानेर, 28 नवम्बर । भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ, नई दिल्ली के 87वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राजस्थान शाखा के तत्वावधान में शनिवार को बेसिक पीजी कॉलेज में ‘आजीवन शिक्षा एवं नशा मुक्त परिवार’ विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर हिंदी निबंध व चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया और उपस्थित विद्यार्थियों व गुरुजनों को नशामुक्त परिवार का संकल्प दिलाया गया।


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डीआईपीआर के उपनिदेशक व गीतकार डॉ. हरिशंकर आचार्य ने कहा कि शिक्षा जीवनभर चलने वाली सतत प्रक्रिया है। मुख्य अतिथि ओमप्रकाश सारस्वत ने सर्वांगीण विकास के लिए नए ज्ञान व कौशल अर्जित करने पर जोर दिया, जबकि विशिष्ट अतिथि राजाराम स्वर्णकार ने आजीवन शिक्षा को आत्मनिर्भरता व सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ा। संघ की राजस्थान शाखा के अध्यक्ष राजेन्द्र जोशी ने नशा मुक्त परिवार को स्वस्थ समाज की नींव बताया और अध्यक्षीय उद्बोधन में रामजी व्यास ने शिक्षा व संवाद की भूमिका को रेखांकित किया। शुरुआत में डॉ. फारूक चौहान ने स्वागत उद्बोधन दिया।



प्रतियोगिताओं के परिणामों में चित्रकला में प्रिया स्वामी प्रथम, गुंजन आचार्य द्वितीय व परी भादानी तृतीय रहीं, जबकि निबंध प्रतियोगिता में सक्षम सिंह ने पहला, चन्दा सुथार ने दूसरा और जान्वी चावरियां ने तीसरा स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल में डॉ. सुरेश पुरोहित, डॉ. मुकेश ओझा व रामकुमार भादानी शामिल रहे, जबकि कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यार्थी व अभिभावक मौजूद रहे।

