

बीकानेर, 28 नवम्बर । अजित फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अज़ीज़ आज़ाद स्मृति समारोह की शुरुआत शनिवार, 28 नवंबर को पुस्तक प्रदर्शनी और फोटो प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुई। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रो. भंवर भादानी, हरीश बी. शर्मा, डॉ. अजय जोशी, राजाराम स्वर्णकार और इरशाद अज़ीज़ ने किया, जबकि कार्यक्रम के आरंभ में संस्था समन्वयक संजय श्रीमाली ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए युवा पीढ़ी को शहर के रचनाकारों के साहित्य संसार से जोड़ने की बात कही।


काव्य पाठ के दौरान युवा कवि संजय आचार्य ‘वरुण’ ने अज़ीज़ आज़ाद की रचना ‘जिस्म मर जाए, शब्द नहीं मरते…’ प्रस्तुत की, वहीं आनंद छंगाणी ने ‘कितनी दिलचस्प यह कहानी…’ और राजस्थानी कवि विपल्व व्यास ने ‘आजादी के हक ऐसे बंटते रहे…’ गीत सुनाया। इसके अलावा गजलकार सागर सिद्दीकी ने ‘मेरे वजूद का रिश्ता ही आसमान से है…’, आनंद मस्ताना ने ‘लोग सौ रंग बदलते हैं…’, मीनाक्षी स्वर्णकार ने ‘तुम जरा प्यार की राहो से गुजर कर देखो…’, राजेन्द्र स्वर्णकार ने ‘ना खुदा बन के लोग आते हैं…’ और शायर इरशाद अज़ीज़ ने अपने पिता अज़ीज़ आज़ाद का गीत ‘मैं तुमको विश्वास दूं…’ प्रस्तुत कर समा बांध दिया।



कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उर्दू शायर जाकिर अदीब ने अज़ीज़ आज़ाद के जीवन व रचनाओं को सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक बताया, जबकि मुख्य अतिथि कथाकार व पत्रकार हरीश बी. शर्मा ने उन्हें कौमी व भाषाई एकता का पैरोकार व कालजयी रचनाकार कहा। अध्यक्षता करते हुए प्रो. भंवर भादानी ने उनके अप्रकाशित साहित्य के प्रकाशन और रचनाओं की रिकॉर्डिंग का सुझाव दिया, जबकि संचालन संजय आचार्य ‘वरुण’, आभार इरशाद अज़ीज़ ने जताया और आयोजन में डॉ. अजय जोशी, राजाराम स्वर्णकार, मोहम्मद फारूक, सुनील बोड़ा, गिरिराज पारीक, इरफान, मघाराम, दीक्षा व्यास व उषा बिस्सा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

