

बीकानेर, 29 नवम्बर । बीकानेर हज वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में हज 2027 पर जाने वाले आजमीने हज के लिए पहला प्रशिक्षण शिविर रविवार, 29 नवंबर को नौगजा पीर दरगाह में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 120 आजमीने हज ने भाग लिया। शिविर का आगाज कुरानशरीफ की तिलावत के साथ हुआ, जिसके पश्चात प्रवक्ता अनवर अजमेरी ने आजमीने हज को तलबिया का उद्घोष करवाया।


सोसाइटी के अध्यक्ष हाजी यासीन खान लोदी ने हज यात्रा के लिए घर से की जाने वाली तैयारियों की समस्त जानकारी प्रदान की। कमेटी के उपाध्यक्ष सय्यद बुलेशाह व मोहम्मद इक़बाल चौहान ने एयरपोर्ट से मदीना तक की यात्रा प्रक्रिया पर प्रकाश डाला, जबकि कासम अली सय्यद ने उमरा करने की विधि तथा अजीज अहमद ने मदीना में नुसुक एप एवं रियाजुल जन्ना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर महासचिव अंसार अली कोहरी व डॉ. सबीर अहमद पंवार द्वारा हज 2027 यात्रा से जुड़ी मार्गदर्शक पुस्तकें और सहायक सामग्री वितरित की गई।



शिविर के सफल आयोजन में हाजी मोहम्मद इस्माईल सुलेमानी, हाजी मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद इस्माइल गौरी, हाजी हाकम अली भाटी, जुनैद भाटी, अजीज अहमद, मोहम्मद सलीम, ज़ावेद हसन और सय्यद अख्तर अली अजीज भिस्ती ने सक्रिय सहयोग दिया, जबकि मंच संचालन डॉ. सबीर अहमद पंवार ने किया।

