

बीकानेर, 29 नवम्बर । सुदर्शना नगर स्थित शहीद भगत सिंह पार्क विकास समिति की ओर से रविवार को रविपुष्य नक्षत्र योग के अवसर पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। समिति के सचिव शंकर सेवग ने बताया कि नापासर की शिव पारीक एंड पार्टी द्वारा सुर-ताल और मधुर वाणी में सुंदरकांड की चौपाइयों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा पार्क पंडाल भक्तिमय हो गया।


पाठ से पूर्व भगवान राम दरबार और बालाजी की विशेष पूजा-अर्चना का अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस अवसर पर समिति के संरक्षक एडवोकेट राजेश श्रीवास्तव, अध्यक्ष आनंद शुक्ला और मनीष जांगिड़ ने सभी कलाकारों का सम्मान किया।



सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति के पश्चात महाआरती व प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें कॉलोनी की मातृशक्ति और पुरुषों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

