रामेश्वर डूडी की पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
रामेश्वर डूडी की पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

- डोटासरा बोले—‘पंचायतीराज चुनाव में एकजुट होकर मैदान में उतरे कांग्रेस’
बीकानेर, 03 अक्टूबर । पूर्व नेता प्रतिपक्ष व किसान नेता दिवंगत रामेश्वर डूडी की प्रथम पुण्यतिथि पर शनिवार को उदयरामसर-नोखा रोड स्थित उनके समाधि स्थल पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली विशेष रूप से शामिल हुए और दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।


अपना-पराया भूलकर पंचायतीराज चुनाव में जीत दर्ज करें- डोटासरा


श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि जिस प्रकार स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस ने बीकानेर में अपना महापौर (मेयर) बनाया, उसी तर्ज पर आगामी पंचायतीराज चुनावों में भी कांग्रेस को ऐतिहासिक जीत हासिल करनी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि ‘अपना और पराया’ का भेद भूलकर एकजुटता के साथ मैदान में उतरें और जिसे भी पार्टी टिकट दे, उसे जिला प्रमुख व प्रधान बनाने का संकल्प लें।
डोटासरा ने राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश के किसानों को नकली बीज तक मिल रहे हैं। उन्होंने पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला और शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के राजनीतिक प्रबंधन की सराहना करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह की जीत दोहराने का आह्वान किया।
भाषण के दौरान भावुक हुईं नोखा विधायक सुशीला डूडी
श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत डूडी की पत्नी एवं नोखा विधायक सुशीला डूडी अपने संबोधन के दौरान भावुक हो गईं। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। खुद को संभालते हुए उन्होंने कहा, “हम अक्सर इस बात से नाराज रहते थे कि डूडी जी घर और परिवार को समय नहीं देते थे। लेकिन आज जब जनता का यह अपार स्नेह और प्यार देखती हूं, तो अहसास होता है कि डूडी जी सही मायनों में जनता और किसानों के लिए ही बने थे।”
किसानों के कर्ज माफी का श्रेय रामेश्वर डूडी को: टीकाराम जूली
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने डूडी के योगदान को याद करते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों का कर्ज माफ कराने का श्रेय सीधे तौर पर रामेश्वर डूडी को जाता है, जिन्होंने नेता प्रतिपक्ष रहते हुए विधानसभा के भीतर बड़ा आंदोलन खड़ा किया था। उन्होंने कहा कि डूडी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि कांग्रेस कार्यकर्ता आज से ही पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों में जुट जाएं।
कांग्रेस दिग्गजों ने किया योगदान को याद
पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल: उन्होंने कहा कि डूडी एक महापुरुष और किसानों की मजबूत आवाज थे। पंचायतीराज चुनावों में जीत हासिल करके ही हम उनकी विरासत को मजबूत रख सकते हैं।
पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला: उन्होंने डूडी को ‘किसान केसरी’ बताते हुए कहा कि सांसद और विधायक रहते हुए उन्होंने जिले की हर पंचायत के विकास के लिए कार्य किया।
कार्यक्रम में देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल सहित बीकानेर, नागौर और प्रदेशभर से आए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
